शहर

मालवीय नगर अग्निकांड : मृतकों में ज्यादातर विदेशी, पास के प्राइवेट अस्पातल में इलाज को आए थे

मालवीय नगर अग्निकांड में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है। इस हादसे में जान गंवाने वालों में अधिकांश विदेशी नागरिक बताए जा रहे हैं, जो पास के निजी अस्पतालों में इलाज के लिए आए थे।

Image

मालवीय नगर अग्निकांड में जान गंवाने वाले ज्यादातर विदेशी

दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में आज यानी बुधवार 3 जून की सुबह एक होटल में आग लग गई। आग लगने की इस घटना में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली की होटल में मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए और कई को बचने का मौका भी नहीं मिला। इस हादसे में कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं और राहत व बचाव कार्य अब भी जारी है। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया है और अब कूलिंग का कार्य चल रहा है।

इस बीच फायर ऑफिसर एके मलिक का बयान सामने आया है। उन्होंने बताया कि फायर डिपार्टमेंट को सुबह 8.50 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। शुरुआत में घटनास्थल पर दमकल की 7 गाड़ियां भेजी गईं, लेकिन आग पर काबू पाने के लिए और भी फायर टेंडर्स वहां भेजे गए। उन्होंने बताया कि हमारी टीम मौके पर पहुंची और तुरंत 37 लोगों को सुरक्षित इमारत से बाहर निकाला गया।

फायर ऑफिसर एके मलिक ने बताया कि जिस होटल में आग लगी वह एक बहुमंजिला इमारत है। इमारत में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और उसकगे ऊपर पांच मंजिलें हैं। उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ में पता चला कि इस बिल्डिंग का इस्तेमाल सिर्फ आवासीय परिसर के रूप में नहीं हो रहा था।

मलिक ने जानकारी दी कि यहां ठहरे हुए ज्यादातर लोग विदेशी थे। उन्होंने बताया कि यहां ऐसे लोग ठहरे हुए थे, जिनके परिजन सामने ही मौजूद मैक्स अस्पताल में इलाज करवा रहे हैं। आग पर काबू पाने के बाद जांच पुलिस को सौंप दी गई है। बताया जा रहा है कि मृतकों में ज्यादातर विदेशी नागरिक हैं। जिनमें नाइजीरियाई और ईरानी मूल के लोग भी हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस दुर्घटना में पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी इस हादसे पर दुख जताया है। इस बीच घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की मदद की घोषणा की गई है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
दिगपाल सिंह author

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी... और देखें

End of Article