Delhi Restaurant Fire: दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। एक रेस्टोरेंट में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रेस्टोरेंट में आग इतनी तेजी से फैली कि बेसमेंट में मौजूद कई लोग इसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में कई अन्य लोग घायल हुए हैं। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस दर्दनाक हादसे पर शोक जताया है। पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। वहीं हादसे में घायल लोगों को 50-50 हजार रुपये मुआवजा दिया जाएगा।
दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर मौजूद
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8:50 बजे दमकल विभाग को आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। आग पर काबू पाने के साथ-साथ दमकल कर्मियों ने बेसमेंट में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान भी शुरू किया। इस हादसे में करीब 37 लोगों को बचाया गया है। अधिकारियों के मुताबिक 7 से 8 लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। आशंका जताई जा रही है कि आग लगने के समय कुछ अन्य लोग भी बिल्डिंग में मौजूद हो सकते थे, इसलिए तलाशी अभियान अभी जारी है।
बताया जा रहा है कि उस बिल्डिंग में होटल और रेस्टोरेंट दोनों का संचालन किया जा रहा था। इमारत के बेसमेंट में भी कमरे बने हुए थे। घटना के समय बिल्डिंग में 50 से ज्यादा लोगों के मौजूद होने की बात कही जा रही है। जानकारी के अनुसार, आग ग्राउंड फ्लोर पर लगी और काफी तेजी से पूरी इमारत में फैलने लगी। मालवीय नगर के पूर्व विधायक सोमनाथ भारती ने कहा कि आग पहले रसोई (किचन) तक पहुंची और फिर उससे सटे होटल की ऊपरी मंजिलों में फैल गई। उन्होंने कहा कि गैस और धुएं की वजह से काफी लोगों को परेशानी हुई है।
सीएम रेखा गुप्ता ने जताया शोक
सीएम रेखा गुप्ता ने इस हादसे पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है और घायलों के जल्द ही स्वस्थ होने की कामना की गई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित परिवारों को हर संभव चिकित्सा मदद व जरूरी सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार ने आश्वासन दिया है कि इस दुखद घड़ी में वह पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
बिल्डिंग में अवैध रूप से चल रहा था होटल
मालवीय नगर के SDM जितेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम को मौके पर भेजा गया। शुरुआती जांच में पता चला है कि इमारत के निचले हिस्से में एक होटल या रेस्टोरेंट चलाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रथम दृष्टया में होटल के कारण ही आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
एसडीएम ने यह भी बताया कि इस होटल को किसी अन्य लाइसेंस के आधार पर संचालित किया जा रहा था। हादसे के दौरान BSES द्वारा बिजली सप्लाई बंद कर दी गई, जिससे आग को फैलने से रोकने में मदद मिल सकी। फिलहाल दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी। जिसके बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
