मालवीय नगर अग्निकांड : दिल्ली के मालवीय नगर के एक होटल में आज यानी बुधवार 3 जून को भीषण आग लग गई। इस दुर्घटना में अब तक 20 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। जबकि शुरुआत में 3 लोगों के मारे जाने की खबर थी। घटना स्थल पर मौजूद लोगों से TimesnowNavbharat ने बात की। चश्मदीदों ने टाइम्स नाउ को बताया कि मौत का आंकड़ा अभी और भी बढ़ सकता है।
नियम ताक पर रखकर चल रहा था होटल
मालवीय नगर के रिहायशी इलाके में यह होटल नियमों को ताक पर रखकर चल रहा था। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि यहां पर पिछले 7-8 साल से यह होटल चल रहा था। उन्होंने बताया कि होटल में जिस समय आग लगी, उस समय होटल के अंदर 30-40 लोग मौजूद थे। जानकारी के अनुसार 37 लोगों को बचाया गया है।
एग्जिट-एंट्री के लिए था सिर्फ एक रास्ता
चश्मदीदों ने बताया कि होटल में एंट्री और एग्जिट के लिए सिर्फ एक ही रास्ता था और उस पर भी ताला लगा हुआ था। उन्होंने बताया कि आग लगने के बाद पत्थर से ताला तोड़ा गया।
जान बचाने को खिड़की से लटके लोग
चश्मदीदों ने बताया कि आग लगने के बाद अंदर मौजूद लोग जान बचाने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे थे। उन्होंने बताया कि लोगों के खिड़की तोड़कर जान बचाने के लिए आवाज लगाई। जान बचाने को लोग खिड़की से लटके भी दिखे।
खिड़की से कूद गए लोग
जान बचाने की जद्दोजहद में कई लोग खिड़की से कूद गए, जो घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि ऊपर से कूद रहे लोगों को बचाने के लिए नीचे गद्दे बिछाए गए थे, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोगों को गंभीर चोट आई है, जिनकी हालत गंभीर हो सकती है। इस बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अग्निकांड पर दुख जताया है।
