Mumbai News: उत्तर मुंबई के दहिसर इलाके में हजारों लोगों के लिए सस्ते आवास निर्माण की तैयारी की जा रही है। अगले पांच वर्षों में खाली होने वाली जमीन पर किफायती घर बनाए जाने की योजना है। इसके साथ ही एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) का रडार टावर भी जल्द ही दहिसर से बोरीवली के गोराई क्षेत्र में स्थानांतरित किया जाएगा। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू और केंद्रीय मंत्री व उत्तर मुंबई से सांसद पीयूष गोयल ने इस संबंध में आश्वासन दिया है।
पीयूष गोयल (फाइल फोटो: पीटीआई)
नई परियोजनाओं का रास्ता साफ
पीयूष गोयल ने कहा कि गोराई में AAI टावर के स्थानांतरण से वर्षों से अटकी हुई कई इमारतों की पुनर्विकास और नई परियोजनाओं का रास्ता साफ हो जाएगा। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य उत्तर मुंबई को ‘उत्तम मुंबई’ बनाना है।” बताया गया है कि केंद्रीय कैबिनेट से जल्द ही इस परियोजना को मंजूरी मिलने की उम्मीद है। मंजूरी के बाद दहिसर में खाली पड़ी जमीन पर बड़े पैमाने पर सस्ते मकानों का निर्माण किया जाएगा। वहीं, अगले दो से तीन महीनों में AAI रडार टावर के निर्माण और शिफ्टिंग से जुड़ा बजट भी स्वीकृत होने की संभावना है। जमीन का आवंटन पहले ही हो चुका है और काम जल्द शुरू किया जाएगा।
पुरानी इमारतों का नवीनीकरण
नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर महौल ने बताया कि पिछले करीब 20 वर्षों से दहिसर ईस्ट में AAI का रडार टावर मौजूद था, जिसे गोराई शिफ्ट करने की मांग स्थानीय लोग लंबे समय से कर रहे थे। अब केंद्र सरकार से अनुमति मिलने के बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय इस शिफ्टिंग प्रक्रिया को जल्द पूरा करेगा। रडार टावर के कारण दहिसर इलाके में कई पुरानी इमारतों का नवीनीकरण या पुनर्विकास प्रतिबंधित क्षेत्र के नियमों के चलते नहीं हो पा रहा था। टावर के स्थानांतरण के बाद इन परियोजनाओं को गति मिलेगी। साथ ही, खाली होने वाली जमीन पर हजारों किफायती घर बनाने की योजना से स्थानीय लोगों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।
