शहर

Maharashtra Weather: मुंबई में उमस और विदर्भ में लू, अगले 5 दिन महाराष्ट्र के लिए भारी, जानें आपके शहर का हाल

Maharashtra Weather Update 14 April: महाराष्ट्र में गर्मी का सितम जारी है। अकोला में पारा 42 के पार है, विदर्भ के लिए येलो अलर्ट जारी है। जानें अपने शहर के मौसम का हाल।

Image

महाराष्ट्र में भीषण गर्मी की शुरुआत हुई

Photo : Times Now Digital

Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में मौसम का मिजाज अब खतरनाक मोड़ ले रहा है। बेमौसम बारिश का दौर थमते ही सूरज की तपिश ने अपना 'रौद्र रूप' दिखाना शुरू कर दिया है। विदर्भ से लेकर मराठवाड़ा तक पूरा राज्य भीषण गर्मी की चपेट में है, जिससे न केवल आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, बल्कि किसानों की फसलों पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं।

अकोला बना राज्य का 'हॉटस्पॉट', पारा 42 के पार (Akola IMD Weather Alert Today)

पिछले 24 घंटों में अकोला राज्य का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया है, जहां तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। केवल अकोला ही नहीं, बल्कि नासिक (41 डिग्री), पुणे और मुंबई में भी गर्मी ने लोगों का पसीना छुड़ा दिया है। मुंबई और कोंकण के तटीय इलाकों में तापमान के साथ-साथ बढ़ती नमी (Humidity) ने उमस को असहनीय बना दिया है। नांदेड़ जैसे शहरों में दोपहर के वक्त सड़कें सुनसान नजर आने लगी हैं।

विदर्भ के लिए 'येलो अलर्ट' जारी (Vidarbha Yellow Alert Today)

उत्तर भारत से आ रही गर्म हवाओं के कारण मौसम विभाग (IMD) ने विदर्भ के अमरावती, अकोला, चंद्रपुर और वर्धा जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक पारा 45 डिग्री के पार नहीं जाता, इसे तकनीकी रूप से लू नहीं कहा जाएगा, लेकिन 42-43 डिग्री का मौजूदा स्तर भी सामान्य से बहुत अधिक है।

खेती पर मंडरा रहा खतरा (Maharashtra Weather Today)

भीषण गर्मी का सबसे ज्यादा प्रहार खेती पर हो रहा है। नांदेड़ जिले के अर्धापुर और मुदखेड़ जैसे इलाकों में केले के बाग सूखने लगे हैं। वाष्पीकरण की दर बढ़ने और कुओं और बोरवेल में पानी का स्तर घटने से किसान बेबस नजर आ रहे हैं। केले के हरे-भरे पत्ते अब पीले पड़ने लगे हैं, जिससे फसल की गुणवत्ता पर बुरा असर पड़ रहा है।

सेहत का रखें ख्याल (IMD Advisory)

बढ़ती गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। गर्मी और धूप से बचने के लिए भरपूर पानी पिएं और नींबू पानी, छाछ या कोकम शरबत का सेवन करें। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें। पालतू जानवरों को छाया में रखें और उनके लिए पानी की व्यवस्था करें।

इस साल कम बरसेगा मानसून (IMD Monsoon 2026)

भारत में 2026 के मानसून को लेकर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने महत्वपूर्ण पूर्वानुमान जारी किया है। इस साल मानसूनी हवाओं पर 'अल नीनो' (El Nino) का साया रहने के कारण देश भर में औसत से कम (92%) बारिश होने के संकेत हैं। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अनुसार, जून से सितंबर के दौरान बारिश की यह कमी मुख्य रूप से प्रशांत महासागर में विकसित हो रही अल-नीनो स्थिति के कारण हो सकती है, जो मानसून के लिए प्रतिकूल मानी जाती है।

महाराष्ट्र में कैसा रहेगा मानसून (Maharashtra Monsoon 2026 Prediction)

महाराष्ट्र के संदर्भ में स्थिति काफी चुनौतीपूर्ण दिख रही है, क्योंकि मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में औसत से कम वर्षा की संभावना जताई है। हालांकि पूर्वी विदर्भ के कुछ इलाकों में अच्छी बारिश की उम्मीद है, लेकिन शेष महाराष्ट्र में सूखे जैसे हालात या कम पानी की चिंता बनी रह सकती है। वर्तमान में प्रशांत महासागर में स्थिति तटस्थ है, लेकिन मानसून सीजन की शुरुआत के साथ ही अल नीनो सक्रिय होने की 66% संभावना है। मौसम विभाग मई के अंत में संशोधित पूर्वानुमान जारी करेगा, जिससे क्षेत्रीय वितरण की अधिक स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article