शहर

Aaj Ka Mausam: 9 राज्यों में गरजेंगे बादल, आंधी के साथ झमाझम बारिश की चेतावनी; भीषण गर्मी से जूझेगा आधा देश

Aaj Ka Mausam Weather Today 14 April: रतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज, मंगलवार को 9 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है, जबकि यूपी, बिहार और दिल्ली में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप शुरू होने वाला है। जानें आज कैसा रहने वाला है आपके राज्य का हाल।

Image

पूर्वोत्तर में भारी बारिश की चेतावनी, दिल्ली और राजस्थान में पारा 38 के पार

Photo : Times Now Digital

Aaj Ka Mausam 14 April: देश के आसमान पर इन दिनों मौसम के दो अलग-अलग मिजाज देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सूरज की तपिश ने अपना 'रौद्र रूप' दिखाना शुरू कर दिया है, वहीं दूसरी ओर पहाड़ों और पूर्वोत्तर के राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का साया बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज यानी 14 अप्रैल को नौ राज्यों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है, जबकि दिल्ली-यूपी समेत मध्य भारत में गर्मी के प्रचंड होने की चेतावनी दी है।

पहाड़ों पर आफत और पूर्वोत्तर में बारिश (Jammu Kashmir North East Weather Today)

सिक्किम, असम, मेघालय और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों के लिए आज का दिन काफी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। IMD ने इन क्षेत्रों में तेज हवाओं (55 किमी/घंटा तक) के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। असम के तिनसुकिया और डिब्रूगढ़ जैसे जिलों में तो 40 से 50 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। वहीं, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बारिश के चलते तापमान में गिरावट आएगी। मनाली में तो पारा माइनस 5 डिग्री तक लुढ़कने वाला है।

उत्तराखंड: दो दिन बाद होगी बारिश (Uttarakhand Weather Today)

उत्तराखंड में आज, मंगलवार को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। देहरादून सहित मैदानी जिलों में तेज धूप और बढ़ते तापमान से गर्मी परेशान कर रही है, जहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि गुरुवार से पर्वतीय क्षेत्रों में बदलाव दिख सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 16 अप्रैल से पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर में गरज-बरस के साथ मध्यम बारिश होने की आशंका है।

दिल्ली-NCR: तेज हवाओं के बाद गर्मी की 'एंट्री' (Delhi NCR Weather Today)

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज दिन भर तेज सतही हवाएं चलने की उम्मीद है। हालांकि, यह राहत बस आज तक की ही है। 15 अप्रैल से आसमान बिल्कुल साफ हो जाएगा और तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। यानी, अब आपको एसी और कूलर की जरूरत महसूस होने वाली है।

यूपी, बिहार और राजस्थान: 'लू' का अलर्ट (UP Bihar Rajasthan Weather Today)

उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में अब राहत की कोई उम्मीद नहीं दिख रही है। लखनऊ से लेकर पटना और जयपुर तक, सूरज की किरणें अब चुभने लगी हैं। यूपी के कई जिलों में आज 'लू' जैसी स्थिति बनी रहेगी। लखनऊ में तापमान 38 डिग्री तो पटना में 37 डिग्री तक रहने का अनुमान है। किसानों को विशेष सलाह दी गई है कि वे मौसम की स्थिति देखकर ही खेतों में जाएं, खासकर उन इलाकों में जहां बिजली गिरने की आशंका है।

दक्षिण और मध्य भारत का हाल (Karnaraka Kerala Maharashtra Odisha Weather Today)

कर्नाटक और केरल में भी बारिश और आंधी का अलर्ट है। इसके उलट महाराष्ट्र, झारखंड और ओडिशा में आज भीषण गर्मी पड़ने वाली है। मध्य प्रदेश के खजुराहो और रतलाम जैसे शहरों में भी पारा चढ़ना शुरू हो गया है, जिससे दोपहर के वक्त सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिख सकता है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article