शहर

Maharashtra Weather: गर्मी से झुलस रहा महाराष्ट्र! विदर्भ बना देश का सबसे गर्म शहर; आज लू से तपेंगें कई जिले; IMD का अलर्ट

Maharashtra Weather Update 16 April: महाराष्ट्र में गर्मी का तांडव जारी है। बुधवार को अकोला 44.2°C तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर बना। IMD ने महाराष्ट्र में अगले 5 दिनों तक लू का अलर्ट जारी किया है।

Image

आज महाराष्ट्र का मौसम (AI Image)

Maharashtra Weather Today: महाराष्ट्र के कई हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में हैं। बुधवार को विदर्भ का अकोला देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अकोला के अलावा, राज्य के तीन अन्य शहर भी देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे। जिनमें अमरावती का तापमान 44 डिग्री, वर्धा का 43.9 डिग्री और नागपुर का 43.4 डिग्री दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। वहीं विदर्भ में अधिकतर जिलों में लू की स्थिति बनी रहेगी। आईएमडी के अनुसार, आंध्र प्रदेश का अनंतपुर भी 43.4 डिग्री सेल्सियस के साथ चौथे स्थान पर रहा। इसके बाद महाराष्ट्र के सोलापुर (43.3 डिग्री), मालेगांव (43.2 डिग्री) और बीड़ (43.1 डिग्री) का स्थान रहा।

महाराष्ट्र के कई जिलों में लू का अलर्ट

आईएमडी नागपुर के वैज्ञानिक डॉ प्रवीण कुमार ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अकोला पिछले दो-तीन दिनों से देश का सबसे गर्म शहर बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगले पांच दिनों में विदर्भ के अकोला, अमरावती, वर्धा, नागपुर, यवतमाल, वाशिम, बुलढाणा, चंद्रपुर और भंडारा जिलों में लू की स्थिति गंभीर हो सकती है। डॉ. कुमार ने बताया, "अगले चार-पांच दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है और विदर्भ में तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी। इसका मुख्य कारण महाराष्ट्र और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर और उससे अधिक की ऊंचाई पर बना हवा के ऊंचे दबाव का एक क्षेत्र (एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन) है। यह एक ’गर्म ढक्कन’ की तरह काम कर रहा है, जो जमीन की तपिश को ऊपर नहीं जाने देता और उसे नीचे ही दबाकर रखता है। इसकी वजह से बादल नहीं बन पा रहे हैं और सूरज की सीधी किरणों के कारण पारा लगातार चढ़ रहा है।" हालांकि, 21 अप्रैल से तापमान में गिरावट की संभावना है।

वर्धा में भीषण गर्मी के चलते आज स्कूल बंद

भीषण गर्मी को देखते हुए वर्धा जिला प्रशासन ने बृहस्पतिवार को सभी स्कूलों को बंद रखने का निर्देश दिया है। पश्चिमी महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी गर्मी का कहर जारी रहा। सांगली में 41.8 डिग्री, बारामती में 40.2, परभणी में 42, जलगांव में 42.3, अहिल्यानगर में 41.9, धाराशिव में 41 और सतारा में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। तटीय जिलों में तापमान 40 डिग्री से कम होने के बावजूद उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मुंबई के सांताक्रूज में 34.5 और कोलाबा में 34.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

मुंबई में उमस भरी करेगी परेशान

आईएमडी ने मुंबई, ठाणे और कोंकण क्षेत्र के लिए ’येलो अलर्ट’ (उमस भरी गर्मी) जारी किया है। वहीं विदर्भ और मराठवाड़ा के कई जिलों के लिए लू का ’येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

मौसम विभाग के येलो अलर्ट का मतलब?

आईएमडी मौसम की तीव्रता के आधार पर चार रंगों के कोड का उपयोग करता है, जिसमें ’ग्रीन’ का अर्थ कोई चेतावनी नहीं, ’येलो’ का अर्थ सतर्क रहना, ’ऑरेंज’ का अर्थ संकट के लिए तैयार रहना और ’रेड’ का अर्थ स्थिति से निपटने के लिए कदम उठाना है। वसंतराव नाईक कृषि विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ कैलाश डाखोरे ने बताया कि मराठवाड़ा में अगले 48 से 72 घंटों में तापमान चार से पांच डिग्री तक और बढ़ सकता है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article