यूपी में आज का मौसम (16 April 2026 Uttar Pradesh Weather Today): उत्तर प्रदेश में गर्मी का टॉर्चर शुरू हो गया है। सूरज भी अपने तीखे तेवर दिखा रहा है। दिन में चिलचिलाती धूप के कारण लोग घरों से कम निकल रहे हैं। गर्म हवाओं के चलते कई जिलों में लू जैसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। तेज गर्मी के कारण प्रदेश में अधिकतम तापमान 40 डिग्री पार पहुंच गया है। यूपी में गर्मी से सबसे अधिक तपने वाला जिला बांदा बना गया है, जहां बुधवार को बांदा में दिन का पारा 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद झांसी, प्रयागराज और वाराणसी में भी 40 डिग्री के ऊपर तापमान रहा।
यूपी में 16 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज भी यूपी में झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ सकता है, पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने वाला है। दिन में तेज धूप निकली रहेगी और गर्म हवाएं भी चलने के आसार हैं। जिसके चलते अधिक गर्मी महसूस हो सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में कोई वेदर सिस्टम एक्टिव नहीं है, जिसकी वजह से सूरज की सीधी किरणें धरती पर पड़ने से तेजी से गर्मी बढ़ रही है। आने वाले दिनों में भी यूपी में गर्मी से राहत के कोई आसार नहीं है।
यूपी में अप्रैल के बाद और प्रचंड होगी गर्मी!
यूपी में अगले 5 दिन मौसम ऐसे ही शुष्क और साफ बने रहने का अनुमान है। इस दौरान कहीं कोई बारिश होने की संभावना नहीं है। अगले 4-5 दिनों में अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी 2-3 डिग्री सेल्सियस का इजाफा होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यूपी में अचानक गर्मी बढ़ने की वजह पछुआ हवाओं की गति कम होना है, साथ ही आसमान भी साफ रहने के कारण धूप का प्रभाव तेज हो गया है, ऐसे में नमी में कमी आने से हवाएं गर्म और शुष्क हो गई है। अप्रैल के बाद गर्मी और प्रचंड होने की संभावना है। जिससे प्रदेश के अधिकांश जिले लू की चपेट में रह सकते हैं।
