शहर

लखनऊ अग्निकांड में 250 झुग्गियां राख, एक के बाद एक फटे सिलेंडर, कई मवेशी जले; 10KM दूर तक दिखीं लपटें

लखनऊ के विकासनगर इलाके में बुधवार को भीषण आग से 250 से अधिक झुग्गियां जल गईं और 30 से ज्यादा सिलेंडर फट गए। आग पर काबू पाने में दमकल को तीन घंटे लगे। कई लोग बेघर हो गए और भारी नुकसान हुआ।

Image

लखनऊ में झुग्गियों में आग से भारी नुकसान

Lucknow Slum Fire: लखनऊ में बुधवार को भीषण आग का तांडव देखने को मिला, जिसने भारी तबाही मचा दी। विकासनगर इलाके में बीती शाम 250 से अधिक झुग्गियां जलकर राख हो गई। आग के कारण 30 से अधिक सिलेंडर फटने से हालात और भयावह हो गए। आग की लपटें करीब 10 किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहीं थी। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार इस भीषण हादसे में 4 बच्चों की जलकर मौत हो गई। वहीं कुछ मवेशी भी जिंदा जल गए। इस हादसे के कारण पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

आसपास 20 मकानों को कराया गया खाली

घटना के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आसपास के लगभग 20 मकानों को खाली करा लिया। फायर ब्रिगेड की करीब 20 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इलाके की बिजली सप्लाई भी काट दी गई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार इस हादसे में भारी नुकसान हुआ है। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक एक युवक ने दावा किया कि उसके चार बच्चों की जलकर मौत हो गई, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। आग में कई परिवारों का सारा सामान जल गया और लोग बेघर हो गए। हादसे के बाद प्रभावित लोग रोते-बिलखते नजर आए। कुछ लोगों ने आग को साजिश बताते हुए जानबूझकर आग लगाए जाने का आरोप भी लगाया है।

सीएम योगी ने बचाव कार्य तेज करने के दिए निर्देश

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत संज्ञान लिया और अधिकारियों को राहत व बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। वहीं डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, मामले की जांच की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article