Maharashtra News: महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) द्वारा शिकायत दर्ज करने के लिए नया पोर्टल लॉन्च किए जाने के बाद एक चौंकाने वाला आंकड़ा सामने आया है। पूरे महाराष्ट्र में खराब और दूषित भोजन की सबसे अधिक शिकायतें पुणे जिले से दर्ज की गई हैं। इस बात का खुलासा महाराष्ट्र FDA के कमिश्नर और वरिष्ठ IAS अधिकारी तुकाराम मुंढे ने किया है।
FSSAI के सभी 22 नियमों का पालन करना होगा अनिवार्य (AI Image)
शनिवार को पुणे में 'मराठा चैंबर ऑफ कॉमर्स, इंडस्ट्रीज एंड एग्रीकल्चर' (MCCIA) द्वारा आयोजित एक खाद्य सुरक्षा सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे तुकाराम मुंढे ने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि विभाग ने हाल ही में जनता के लिए "complaints.mahafda.in" नामक पोर्टल लॉन्च किया है। पोर्टल लाइव होते ही शिकायतों की बाढ़ आ गई और महज 24 घंटे के भीतर इस पर 10 लाख से अधिक हिट्स रिकॉर्ड किए गए, जिनमें सबसे ज्यादा मामले पुणे के थे।
लापरवाही की तो सीनियर तक पहुंचेगी शिकायत
कमिश्नर मुंढे ने कहा कि यह नई व्यवस्था विभाग में जवाबदेही और पारदर्शिता लेकर आएगी। अब कोई भी अधिकारी शिकायतों को ठंडे बस्ते में नहीं डाल पाएगा। नई नीति के तहत, शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर संबंधित क्षेत्र के FDA संयुक्त आयुक्त (Joint Commissioner) को उस पर संज्ञान लेना होगा और किसी अधिकारी को जांच सौंपनी होगी। यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई नहीं की जाती है, तो शिकायत ऑटोमैटिक रूप से विभाग के वरिष्ठ अधिकारी के पास ट्रांसफर हो जाएगी। FDA प्रमुख ने सभी होटलों, ढाबों और खाद्य प्रतिष्ठानों को सख्त हिदायत दी है कि वे खाद्य सुरक्षा प्रबंधन प्रणालियों का कड़ाई से पालन करें और भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा निर्धारित सभी 22 प्रमुख नियमों को लागू करें।
पारसी डेयरी फार्म और KEM अस्पताल की कैंटीन का लाइसेंस सस्पेंड
मई महीने में ईमानदार और सख्त अधिकारी के रूप में पहचाने जाने वाले तुकाराम मुंढे के कार्यभार संभालने के बाद से ही महाराष्ट्र में खाद्य व्यवसायों के खिलाफ बड़े पैमाने पर धरपकड़ तेज कर दी गई है। राज्य भर के सैकड़ों होटलों और रेस्टोरेंट्स में औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में FDA ने हाल ही में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के नियमों के गंभीर उल्लंघन के चलते मुंबई के प्रसिद्ध 'पारसी डेयरी फार्म' (Parsi Dairy Farm) का फूड बिजनेस लाइसेंस निलंबित कर दिया था। इसके साथ ही, शनिवार को मुंबई के प्रसिद्ध KEM अस्पताल की कैंटीन में भी भारी गंदगी पाए जाने के बाद उसका लाइसेंस सस्पेंड कर काम रोकने का आदेश जारी किया गया है।
मुंढे ने आगे तकनीकी अपग्रेडेशन की जानकारी देते हुए कहा कि FDA अब ब्लॉकचेन तकनीक के उपयोग पर विचार कर रहा है, ताकि उन सभी प्रतिष्ठानों का एक सुरक्षित और स्थायी रिकॉर्ड रखा जा सके जिनके खिलाफ अतीत में सख्त दंडात्मक कार्रवाई की गई है।
