Mumbai Parsi Dairy Farm: महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन को लेकर मुंबई की मशहूर पारसी डेयरी फार्म का खाद्य व्यवसाय लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। अधिकारियों ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।
डेयरी प्रोडक्ट (प्रतीकात्मक तस्वीर)
एफडीए के मुताबिक, यह कार्रवाई राज्यभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। इस अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों से 1.90 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की मिलावटी, प्रतिबंधित और असुरक्षित खाद्य साम्रगियां जब्त की गईं।
FDA ने लाइसेंस किया निलंबित
बताया जा रहा है कि मुंबई और पालघर में एफडीए की जांच के दौरान पारसी डेयरी फार्म में कई गंभीर खामियां सामने आईं। निरीक्षण में परिसर में फफूंद, अपर्याप्त साफ-सफाई और बिना एक्सपायरी डेट वाले डेयरी उत्पाद पाए गए। इन अनियमितताओं को देखते हुए डेयरी का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, एफडीए ने बताया कि दक्षिण मुंबई के प्रिंसेस स्ट्रीट स्थित पारसी डेयरी फार्म की इकाई का निरीक्षण करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम तथा उससे संबंधित नियमों के कई गंभीर उल्लंघन सामने आए। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का पालन नहीं किए जाने की पुष्टि होने पर कंपनी का एफएसएसएआई लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर के नोटिस को लेकर अखिलेश-डिंपल बरसे, पूछा- BJP अपने संगी-साथियों के भवनों को कब ढहाएगी?
सख्त कार्रवाई रहेगी जारी
एफडीए ने आगे बताया कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
आइसक्रीम पार्लर का लाइसेंस निलंबित
इससे पहले, एफडीए ने मुंबई के चर्चगेट में मशहूर 'के. रुस्तम एंड कंपनी' आइसक्रीम पार्लर का खाद्य सुरक्षा लाइसेंस निलंबित किया था। एफडीए के मुताबिक, अधिकारियों ने के. रुस्तम एंड कंपनी का निरीक्षण किया था। इस दौरान, आइसक्रीम पार्लर में गंदगी और प्रोडक्ट स्टोरेज एरिया में गड़बड़ियां देखी गईं। साथ ही अलमारियों के नीचे भागते हुए चूहे भी दिखाई दिए थे।
