शहर

Delhi News: बुराड़ी के किराए के मकान से युवक-युवती के शव मिलने से मची सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

दिल्ली के बुराड़ी स्थित कमालपुर इलाके में एक किराए के मकान से युवक और युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में पुलिस इसे गोली मारकर हत्या और फिर आत्महत्या का मामला मान रही है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा। घटना के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।

Image

दिल्ली के बुराड़ी में दो शवों के मिलने से मचा हड़कंप

Delhi News: दिल्ली के बुराड़ी थाना क्षेत्र के कमालपुर इलाके में गुरुवार दोपहर एक युवक और युवती के शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक ने पहले युवती को गोली मारी और उसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी। पुलिस के अनुसार, कमालपुर स्थित एक मकान की तीसरी मंजिल पर दोनों पिछले करीब एक महीने से किराए पर रह रहे थे। गुरुवार को घर के अंदर गोली चलने की सूचना मिलने पर बुराड़ी थाना पुलिस, क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ तत्काल मौके पर पहुंचे। कमरे के भीतर युवक और युवती खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। घटनास्थल से एक पिस्टल भी बरामद हुई, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

कब हुआ घटना का खुलासा?

प्रारंभिक जांच में मृतकों की पहचान 26 वर्षीय निखिल और 22 वर्षीय शुभांगी के रूप में हुई है। मौके से मिले सबूतों के आधार पर पुलिस को संदेह है कि निखिल ने पहले शुभांगी पर गोली चलाई और उसके बाद खुद को भी गोली मार ली। जानकारी के मुताबिक, घटना का खुलासा उस समय हुआ जब दोपहर में युवक की बहन घर पहुंची। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसे संदेह हुआ। किसी तरह अंदर पहुंचने पर उसने दोनों को मृत अवस्था में देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने पूरे इलाके को घेर लिया और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।

मानसिक हालात का जिक्र

जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि घटना से पहले युवक ने अपने परिवार के सदस्यों को एक संदेश भेजा था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उस संदेश में उसने अपनी मानसिक हालात का जिक्र करते हुए कोई बड़ा कदम उठाने की बात लिखी थी। पुलिस उस संदेश की भी जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे की परिस्थितियों को समझा जा सके। उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजा बांठिया ने बताया कि दोनों पिछले छह से आठ महीनों से एक-दूसरे के संपर्क में थे। उन्होंने कहा कि घटना में इस्तेमाल पिस्टल लाइसेंसी थी या अवैध, इसकी भी जांच की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फॉरेंसिक रिपोर्ट के साथ अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article