Jauhar University Row: उत्तर प्रदेश के रामपुर स्थित जौहर यूनिवर्सिटी के खिलाफ बुलडोजर की कार्रवाई वाले नोटिस को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी।
अखिलेश यादव ने तो भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि शिक्षा, शिक्षक, शिक्षार्थी और शिक्षा के बाद मिलनेवाली नौकरी भाजपा के एजेंडे में है ही नहीं। अखिलेश यादव ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''भाजपा को शिक्षा में भी साम्प्रदायिकता नज़र आती है। शिक्षा, शिक्षक, शिक्षार्थी और शिक्षा के बाद मिलनेवाली नौकरी भाजपा के एजेंडे में है ही नहीं।''
उन्होंने कहा कि भाजपा अपने अनरजिस्टर्ड संगी-साथियों के अवैधानिक भवनों को कब ढहाएगी? जब संगी-साथी ही अपंजीकृत है, तो उनके भवन, कार्यालय, संस्थान कैसे जायज होंगे? निंदनीय!
डिंपल यादव ने भी साधा निशाना
डिंपल यादव ने कहा कि भाजपा सरकार सत्ता में है, यह बुलडोजर सरकार है। समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में डिंपल यादव ने कहा, ''भाजपा सरकार सत्ता में है, यह बुलडोजर सरकार है। यह छात्रों का भविष्य बर्बाद कर रही है। यह किसी पर भी बुलडोजर चला सकती है, लेकिन जब राम मंदिर में इतनी बड़ी चोरी हुई है, तो उनका बुलडोजर वहीं थक गया। सवाल यह है कि वहां बुलडोजर क्यों थक गया?"
क्या है पूरा मामला
सनद रहे कि रामपुर में आजम खान की मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के कुछ हिस्से को अवैध घोषित किया गया है। ऐसे में उत्तर प्रदेश सरकार यूनिवर्सिटी के उस चुनिंदा हिस्से पर बुलडोजर चलाने वाली है। प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलेगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: आजम खान को लगा बड़ा झटका, जौहर यूनिवर्सिटी पर चलेगा बुलडोजर; RDA ने जारी किया ध्वस्तीकरण का आदेश
यूनिवर्सिटी से गुजरने वाली सड़क 'आम रास्ता' घोषित
जौहर यूनिवर्सिटी परिसर से गुजरने वाली सड़क को सार्वजनिक सड़क घोषित कर दिया गया है और यूनिवर्सिटी के मेन गेट पर 'साइन बोर्ड' लगा दिया है कि यह सड़क आम जनता के आवागमन के लिए खुली है। यह तीन किलोमीटर लंबी, चार लेन वाली सीमेंट-कंक्रीट सड़क है, जिसका निर्माण अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सपा सरकार के कार्यकाल में 2016-17 में लोक निर्माण विभाग (PWD) ने लगभग 17.16 करोड़ रुपये की लागत से कराया था।
