Guna Road Accident: मध्य प्रदेश के गुना जिले में एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि यह दुर्घटना धरनावदा क्षेत्र के भुलाए के पास तब हुई जब यात्रियों से भरी कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
गुना में सड़क हादसा
धरनावदा थाना प्रभारी प्रभात कटारे ने पत्रकारों को बताया कि भुलाए के पास एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसमें दो लोगों की जान चली गई और छह अन्य घायल हो गए। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है। कटारे ने यह भी बताया कि कार में सवार सभी लोग शनिवार रात भुलाए गांव में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद लौट रहे थे।
थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान लाल सिंह लोधा (35) और माया बाई बिजोरी (40) के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि घायल लोगों में से चार को इलाज के लिए जिला अस्पताल और दो को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव रविवार को परिजनों को सौंप दिए गए।
(इनपुट - भाषा)
