International Yoga Day 2026: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 (International Yoga Day 2026) के मौके पर मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर, भोपाल में राज्य स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कोलकाता, पश्चिम बंगाल से प्रसारित राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर उनका संबोधन भी सुना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में योग को विश्व शांति, मानव एकता और स्वस्थ जीवन का आधार बताते हुए कहा कि योग लोगों को जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि जब योग व्यक्ति के स्वभाव का हिस्सा बन जाता है, तब वह समाज में समरसता और एकता को मजबूत करता है। योग मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रभावी साधन है।
मध्य प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 का आयोजन
सकारात्मक जीवनशैली का मार्ग प्रशस्त करता है योग
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक एवं पर्यटन सचिव डॉ. इलैयाराजा टी., अपर प्रबंध संचालक डॉ. अभय बेडेकर, संत हिरदाराम मेडिकल कॉलेज के डॉ. अंकेश भदौरिया सहित बोर्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। इस मौके पर डॉ. इलैयाराजा टी. ने कहा कि योग केवल स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधि नहीं है, बल्कि यह भारत की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और जीवन मूल्यों से समृद्ध विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि योग अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक जीवनशैली का मार्ग प्रशस्त करता है। वहीं, डॉ. अभय बेडेकर ने सभी से योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास स्वस्थ, सुखी और समृद्ध समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
'योग फॉर हेल्दी एजिंग' की थीम पर योग दिवस का आयोजन
इस साल अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम 'योग फॉर हेल्दी एजिंग' रही। इसी थीम के तहत आयोजित सामूहिक योग सत्र में सेवा समिति वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। संत हिरदाराम आयुर्वेदिक एवं प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान की प्रशिक्षित टीम ने आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार प्रतिभागियों को प्रार्थना, सूक्ष्म व्यायाम, आसन, प्राणायाम, ध्यान और समापन प्रार्थना का अभ्यास कराया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर भी योग का संदेश गूंजा। मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से खजुराहो, सांची, उदयगिरी, ग्वालियर किला, इंदौर की 56 दुकान, तामिया सहित कई प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों के माध्यम से लोगों को योग के शारीरिक और मानसिक लाभों से अवगत कराया गया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 11 दिसंबर 2014 को प्रस्ताव पारित कर हर साल 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इसके बाद 21 जून 2015 को पहला अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आयोजित किया गया। आज भारत की प्राचीन योग परंपरा का लाभ विश्वभर के करोड़ों लोग उठा रहे हैं।
