Lucknow: शादी से इनकार करने पर भड़का सिरफिरा, तड़के 4 बजे घर में घुसकर युवती पर फेंका तेजाब, बचाने आए माता-पिता भी झुलसे

Lucknow Acid Attack: लखनऊ के उदयगंज में शादी से इनकार करने से नाराज युवक ने तड़के 4 बजे घर में घुसकर युवती, उसके पिता शहनवाज और मां पर तेजाब फेंक दिया। हमले में मां पर चाकू से भी वार किया गया; तीनों घायलों को KGMU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

Lucknow Acid Attack: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के उदयगंज इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और हृदयविदारक वारदात सामने आई है। यहां शादी से इनकार करने से नाराज एक युवक ने तड़के करीब 4 बजे घर में घुसकर युवती, उसके पिता और मां पर तेजाब फेंक दिया। तेजाब से झुलसने के अलावा हमले के दौरान युवती की मां पर चाकू से भी वार किया गया, जिससे उनके चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आईं। आनन-फानन में तेजाब और चाकू के हमले में घायल तीनों लोगों को इलाज के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

acid attack lucknow

लखनऊ के उदयगंज की घटना (सांकेतिक चित्र)

तड़के 4 बजे घर में दाखिल हुआ आरोपी

जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार लखनऊ के उदयगंज क्षेत्र का निवासी है। युवती के पिता शहनवाज उर्फ सानू कारपेंटर का काम करते हैं। बताया जा रहा है कि तड़के करीब 4 बजे मन्ना नामक युवक कथित तौर पर परिवार के घर में दाखिल हुआ और सबसे पहले युवती पर तेजाब डाल दिया। तेजाब गिरते ही घर में चीख-पुकार मच गई।

बचाने आए माता-पिता पर किया चाकू से हमला

बेटी की चीख सुनकर जब पिता शहनवाज उर्फ सानू और उनकी पत्नी बीच-बचाव तथा विरोध करने के लिए आगे बढ़े, तो आरोपी ने उन पर भी तेजाब फेंक दिया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने युवती की मां पर चाकू से भी हमला किया, जिससे उनके चेहरे और शरीर पर चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

शादी के दबाव और इनकार से नाराजगी की बात सामने आई

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी युवक युवती पर शादी का दबाव बना रहा था। परिवार या युवती द्वारा शादी से इनकार किए जाने से नाराज होकर उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद परिवार के सदस्यों को तत्काल KGMU ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में तीनों का इलाज किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आरोपी की तलाश में जुटी है।

End Article
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहर...

End of Feed