UP में स्वच्छ त्योहार- स्वस्थ त्योहार अभियान शुरू, नवरात्रि दिवाली पर नहीं दिखेगी गदंगी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 15, 2023, 06:33 PM IST

उत्तर प्रदेश की सरकार ने मंदिर परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों को साफ सुथरा रखने के लिए एक स्वच्छता अभियान शुरू किया है। इसके लिए यूपी सरकार ने स्वच्छ त्योहार, स्वस्थ त्योहार नाम का अभियान चलाया है। साथ ही गलियों और सड़कों की स्ट्रीट लाइट भी सुधारने के निर्देश दिए है। आने वाले त्योहारों को देखते हुए यह अभियान शुरू किया गया है।

KEY HIGHLIGHTS
  • यूपी में स्वच्छ त्योहार, स्वस्थ त्योहार अभियान
  • मंदिरों के आसपास, सड़कों की होगी सफाई
  • सड़कों, गलियों की स्ट्रीट लाइट होंगी ठीक

Lucknow News: प्रदेश की योगी सरकार ने त्योहारों के मद्देनजर मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष तौर पर स्वच्छता अभियान शुरू कर दिया है। इसके लिए योगी सरकार 'स्वच्छ त्योहार, स्वस्थ त्योहार' अभियान चला रही है। नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग ने प्रदेश के सभी नगर निकायों में साफ सफाई के लिए "क्लीनलीनेस इस नेक्स्ट टू गॉडलीनेस" का मूल मंत्र देते हुए नवरात्र, दशहरा व दीपावली त्योहारों को "स्वच्छ त्योहार, स्वस्थ्य त्योहार" के रूप में मनाने का संदेश जारी किया है। विभाग की ओर से इसके लिए सभी निकाय अधिकारियों व कर्मचारियों को धार्मिक स्थलों, मठ-मंदिरों और दुर्गा पूजा पांडालों के आसपास के क्षेत्र, वहां की सड़कों-गलियों की बेहतर साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गये हैं।

Clean Festival Healthy Festival

त्योहारों के लिए स्वच्छता अभियान शुरू (फोटो साभार - ट्विटर)

पूजा स्थलों के आसपास डस्टबिन रखे जाएंगे

प्रदेश सरकार में नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सभी नगरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को रविवार को वर्चुअल बैठक के जरिये अवगत करा दिया है। सभी नगर निकायों को नगर विकास विभाग की ओर से निर्देशित किया गया है कि त्योहारों में श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो, इसके लिए स्ट्रीट लाइटें सही कराई जाएं। स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति में भी कहीं पर भी कोई बाधा न आए। श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित की गई पूजा सामग्री और कूड़ा-कचरा का सही से निस्तारण भी कराया जाए। लोग पूजा सामग्री और कूड़ा-कचरा इधर उधर न फेंके, पूजा स्थलों के आसपास डस्टबिन रखवाया जाय। इसमें जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाए। लोगों को भी स्वच्छ और स्वस्थ्य त्यौहार मनाने के लिए जागरूक किया जाए। प्लास्टिक का प्रयोग न करने के लिए भी लोगों से कहें तथा इसके प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का भी प्रयास किया जाए।

End of Feed