Vande Bharat Express: भारतीय रेलवे लगातार वंदे भारत ट्रेनों की संख्या में बढ़ोतरी कर रहा है। यही कारण है कि अब तक भारत के लगभग सभी राज्यों को एक या उससे अधिक वंदे भारत ट्रेनें मिल चुकी हैं। बता दें कि वर्ष 2047 तक केंद्र सरकार 4500 वंदे भारत ट्रेनों को लॉन्च करने की योजना बना रहा है। आने वाले कुछ महीनों में कई और राज्यों को वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिल सकती है। वहीं अगर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की बात करें तो यहां से आने वाले दिनों में छह और जगह के लिए वंदे भारत ट्रेन चलाए जाने संभावना है। लोकसभा चुनाव-2024 से पहले उत्तर प्रदेश को वंदे भारत ट्रेनों के रूप में केन्द्र सरकार की तरफ से बड़ी सौगात मिल सकती है। हिंदुस्तान समेत विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि लखनऊ से मुंबई, पुरी, कटरा, मेरठ, देहरादून, पटना, कोलकाता आदि के लिए वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत हो सकती है। ऐसा माना जा रहा है कि इन वंदे भारत ट्रेनों की शुरूआत आने वाले लोकसभा चुनाव-2024 से पहले ही हो जाएगी।
यूपी से चलेंगी छह और वंदे भारत ट्रेनें
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पहली वंदे भारत ट्रेन नई दिल्ली से वाराणसी के बीच शुरू की गई थी। यह ट्रेन वाया कानपुर होकर चलती है। इसके बाद अब एक और वंदे भारत ट्रेन उत्तर प्रदेश को दी गई है। यह ट्रेन लखनऊ से गोरखपुर के बीच चलती है, जोकि बस्ती होकर जाती है। इस वंदे भारत की शुरुआत लखनऊ में शाम सवा सात बजे होती है और फिर यह ट्रेन अयोध्या रात में 9.13 मिनट पर पहुंचती है। यहां दो मिनट तक रुकने के बाद रात साढ़े दस बजे यह ट्रेन बस्ती पहुंच जाती है। फिर रात 12 बजे यह ट्रेन गोरखपुर पहुंचती है।
