UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में ठंड का प्रकोप कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। यहां भीषण ठंड पड़ रही है। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव जला रहे हैं। न्यूनतम तापमान के साथ अधिकतम तापमान में भी कमी आने लगी है। सुबह-शाम तो सुबह-शाम, दिन में भी लोगों को ठंड से ठिठुरते हुए देखा जा रहा है। सुबह और शाम के समय लोग कम से कम बाहर जा रहे हैं। सुबह के समय रास्ते सुनसान बने हुए हैं। दूर-दूर तक लोग दिखाई नहीं दे रहे हैं।
यूपी में मौसम का हाल
यूपी के अन्य जिलों की तुलना में लखनऊ में तापमान तेजी से गिर रहा है। बीते दिन यहां न्यूनतम तापमान गिरकर 6.6 डिग्री पहुंच गया और अधिकतम तापमान 17 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं प्रदेश के कई जिलों में रात से समय भीषण ठंड हो रही है। लोग कंबलों की ढेरों लेयर्स लेकर सो रहे हैं ताकि ठंड से बच सकें। इस बीच मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में भी यूपी के लोगों को ठंड से खास राहत मिलने की संभावना नहीं है। आगामी दिनों में प्रदेश में ठंड का स्तर और बढ़ेगा। साथ ही आईएमडी ने यूपी के कई जिलों में कोहरे-कोल्ड डे का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने यूपी में कोहरे के विभिन्न अलर्ट जारी किए हैं। गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, महामायानगर, आगरा, एटा, मैनपुरी, इटावा, फिरोजाबाद, बलरामपुर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, बलिया, गोरखपुर, और संत कबीर नगर में कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा ललितपुर, झांसी, जालौन, औरैया, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, प्रयागराज, संत रविदास नगर, वाराणसी, कौशांबी, कांशीरामनगर, रामपुर, गाजीपुर, मऊ, गोंडा, बस्ती, बहराइच, श्रावस्ती में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में जारी कोल्ड डे का अलर्ट
मौसम विभाग ने यूपी के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, ज्योतिबाफुले, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल, बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, हरदोई, फर्रुखाबाद, बाराबंकी, सीतापुर, आजमगढ़, अयोध्या, अंबेडकरनगर, अमेठी, रायबरेली, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, प्रयागराज, कौशांबी, हमीरपुर, कानपुर, कानपुर देहात, संत रविदास नगर, चित्रकूट, फतेहपुर, बांदा और कन्नौज में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है। इसमें कुछ जिले ऐसे भी हैं, जिसमें कोल्ड डे के साथ कोहरा भी छाया रहेगा।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग की मानें तो उत्तर प्रदेश में 5 जनवरी को कई जिलों में मौसम साफ रहेगा तो कुछ जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 6 जनवरी को प्रदेश में मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा। सुबह के समय कहीं-कहीं हल्का कोहरा रह सकता है, लेकिन कोहरे का कोई अलर्ट अभी तक जारी नहीं किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि इस बार उत्तर प्रदेश में ठंड लंबी चल सकती है।
