UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 29-October-2025: चक्रवाती तूफान मोंथा का असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर दिखने लगा है। मंगलवार को यूपी के कई हिस्सों में बादल छाए रहे और धूप के दर्शन भी नहीं हुए। इस दौरान इटावा, हरदोई, आगरा, लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। सीतापुर समेत कई जिलों में तड़के सुबह से ही बारिश शुरू हो गई। जिसके कारण छठव्रती बारिश के बीच घाटों पर पहुंचे औ सूर्य देवता को अर्घ्य दिया। बारिश से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। फिलहाल यूपी में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
आज यूपी का मौसम
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं पश्चिमी यूपी में मौसम सूखा रहने की संभावना है। पूर्वी हिस्से में बादल गरजने और बिजली चमकने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। इस दौरान सोनभद्र, मिर्जापुर, गाजीपुर, मऊ, चंदौली, आजमगढञ, वाराणसी, संत रविदासनगर, प्रयागराज, कौशांबी, चित्रकूट, प्रतापगढ़ और जौनपुर में बारिश होने के आसार हैं।
यूपी में अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 30 और 31 अक्टूबर को यूपी के कई हिस्सों में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। इस दौरान खासतौर पर पूर्वांचल के जिलों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं मिर्जापुर और वाराणसी मंडल के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश का भी अलर्ट है। बारिश के कारण अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। जिसके बाद अगले 3 से 4 दिन तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान में अगले 4 से 5 दिनों के बाद 2-4 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है।
चक्रवाती तूफान मोंथा आंध्र प्रदेश के तट से टकराया
मौसम विभाग के अनुसार भीषण चक्रवाती तूफान मोंथा ने आंध्र प्रदेश के तट पर मंगलवार को दस्तक दे दी है। चक्रवात के तट से टकराने की प्रक्रिया शाम करीब सात बजे शुरू हुई और बंगाल की खाड़ी में बनी यह मौसम प्रणाली मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच काकीनाडा के आसपास आंध्र प्रदेश के तट को पार करेगी। आईएमडी के मुताबिक, चक्रवात के तट से गुजरने के दौरान हवा की गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी, जो 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
