UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 26-October-2025: उत्तर प्रदेश में जल्द ही मौसम करवट बदलने वाला है। सोमवार से अगले 4 दिनों तक यूपी में बारिश होने की संभावना है। फिलहाल प्रदेश में सुबह-शाम हल्की ठंड पड़ रही है। जिसके कारण लोगों ने एसी और कूलर से दूरी बना ली है। पंखे की रफ्तार भी अब धीमी हो गई है। दिवाली के बाद से यूपी में भोर और देर रात के समय हल्का कोहरा और धुंध भी छाने लगी है। शहरी इलाकों की तुलना में अभी ग्रामीण इलाकों में सुबह और रात में सर्दी का एहसास ज्यादा हो रहा है। जिससे गांवों में लोगों ने सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनना भी शुरू कर दिया है। प्रदेश में बारिश के बाद तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। जिससे ठंड में भी इजाफा हो सकता है।
आज यूपी का मौसम
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी के पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि सुबह और देर रात के समय कहीं-कहीं हल्की धुंध या कोहरा छाया रह सकता है। 27 अक्टूबर से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। इस दिन एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिम हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। 27 अक्टूबर को यूपी में बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। ऐसा ही मौसम अगले 4 दिन तक बना रहने वाला है। 28 अक्टूबर को भी यूपी के दोनों हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।
यूपी में तापमान में आएगी गिरावट
यूपी में 29 और 30 अक्टूबर को पश्चिमी हिस्से में मौसम शुष्क रहने वाला है। इस दौरान सिर्फ पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 31 अक्टूबर से पूरे प्रदेश में फिर से मौसम शु्ष्क होने की संभावना है। इस दौरान बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। वहीं तापमान की बात करें तो अगले 2 दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने के आसार नहीं है। इसके बाद 3 से 4 डिग्री तक पारा लुढ़क सकता है। न्यूनतम तापमान भी अगले 2 दिनों में 2 से 3 डिग्री तक कम हो सकता है। जिसके बाद किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
