UP Ka Mausam 16-Oct-2025: उत्तर प्रदेश में मौसम की चाल बदली हुई है। यहां सुबह-शाम में ठिठुरन महसूस की जा रही है। दिन के समय तेज धूप खिल रही है, जिसमें हल्की गर्मी का अहसास हो रहा है। ठंड को देखते हुए रात के दौरान पंखे-कूलर बंद होने लगे हैं। यूपी वासियों ने ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े और कंबल निकालने शुरू कर दिए हैं। मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव को देखते हुए आगामी दिनों में भीषण ठंड पड़ने की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि दिवाली के बाद से प्रदेश में ठंड बढ़ने लगेगी और छठ तक भीषण ठंड शुरू हो जाएगी। धूप का असर भी कम हो जाएगा और ग्रामीण इलाकों में कोहरा भी शुरू हो जाएगा। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा आज यूपी में मौसम का हाल।
यूपी का मौसम (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)
यूपी में कैसा रहेगा आज का मौसम?
उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क और साफ बना हुआ है। सुबह-शाम में अच्छी ठंड होने लगी है। दिन के समय तीखी धूप देखने को मिल रही है। दिन के समय हल्की गर्मी का अहसास हो रहा है। लेकिन शाम होते-होते यहां मौसम ठंडा हो रहा है। तापमान में तेजी से गिरावट हो रही है। बीते दिनों 25-26 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान अब 18 से 19 डिग्री के बीच बना हुआ है। मौसम विभाग की मानें तो दिवाली के बाद से मौसम करवट लेगा और कड़ाके की ठंड की शुरुआत होगी। फिलहाल प्रदेश में कहीं भी बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। कहीं-कहीं सतही हवाएं चल सकती हैं।
कल कैसा रहेगा मौसम का हाल?
मौसम विभाग ने यूपी को ग्रीन जोन में रखा है। इसका अर्थ है कि प्रदेश में कहीं भी बारिश की कोई संभावना नहीं है। कल प्रदेश का मौसम आज की तरह की सुहावना और साफ बना रहेगा। दिन के समय धूप होगी। रात और सुबह के समय ठिठुरन महसूस होगी। ग्रामीण इलाकों में धुंध होने लगी है।
