UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 11-June-2025: उत्तर प्रदेश में लोग चुभती-जलती गर्मी का सामना कर रहे हैं। दिन में धूप इतनी तेज निकल रही है कि बाहर निकलने से लोग बच रहे हैं। बुंदेलखंड में तो रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ रही है। यहां कई जिलों में सड़क के पिघलने वाले वीडियो भी सोशल मीडिया पर देखे गए हैं। सूरज ढलने के बाद भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। रात में भी तपिश का एहसास हो रहा है। मंगलवार को यूपी में सबसे अधिक गर्मी बुंदेलखंड में पड़ी। यहां झांसी में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज से पूर्वी यूपी के मौसम का मूड बदलने वाला है। यहां तेज हवाओं संग बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि पश्चिमी यूपी में अभी भी तेज गर्मी का सितम जारी रहेगा।
यूपी का मौसम
यूपी के इन जिलों में लू का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार यूपी के पूर्वांचल में बुधवार और गुरुवार को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान पश्चिमी यूपी और पूर्वी यूपी के दक्षिणी हिस्से में दिन लू चलने की संभावना है। आज पश्चिमी यूपी और बुंदलेखंड के 17 जिलों में लू चलने का अलर्ट है। बांदा, चित्रकूट, कानपुर देहात, अलीगढ़,आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, हाथरस, एटा, मैनपुरी, इटावा, झांसी, ललितपुर, औरैया, जालौन, हमीरपुर और महोबा में लू चलने का अलर्ट है। पश्चिमी यूपी में अगले 2-3 भीषण गर्मी और लू का कहर जारी रहने के आसार हैं। जिसके बाद यहां भी बारिश होने का पूर्वानुमान है। जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
दो दिन और सताएगी तेज गर्मी
यूपी में पिछले कुछ दिनों से सभी जिले भट्टी जैसे तप रहे हैं। धूप इतनी तेज है कि दोपहर में सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है। वहीं चिपचिपी गर्मी ने दिन के साथ ही रात में भी जीना मुहाल किया हुआ है। इस दौरान लू के थपेड़े भी झेलने पड़ रहे हैं। यूपी में अगले दो दिन प्रदेश के कई हिस्सों में लू का अलर्ट जारी रहेगा। 13 जून से प्रदेश के दोनों हिस्सों में तेज हवाओं संग बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। साथ मेघगर्जन और वज्रपात की भी चेतावनी है।
