Sonam Kinnar: उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त सोनम किन्नर ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफे की पेशकश की। वह यूपी किन्नर कल्याण बोर्ड की उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने राज्य सरकार के प्रति अपनी नाराजगी जताई है। इसके साथ ही उन्होंने कई विस्फोटक बयान दिए हैं।
सोनम किन्नर/फाइल फोटो।
सोनम किन्नर ने इस्तीफे की पेशकश की
सोनम किन्नर ने आरोप लगाया कि सुनवाई न होने के कारण इस्तीफा दे रही हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि सरकार से इस्तीफा दे रही हूं, संगठन के लिए काम करूंगी। इसलिए, सरकार द्वारा मिले आवास को खाली कर रही हूं। उन्होंने सरकारी अधिकारी पर मनमानी का भी आरोप लगाया है।
अधिकारी पर मनमानी का आरोप
उनका कहना है कि सरकारी अधिकारी उनकी नहीं सुनते हैं और अपनी मनमानी करते हैं। साथ ही समस्या की सुनवाई नहीं होती है। इस वजह से वह अपने पद से इस्तीफा देने के लिए राजभवन पहुंची थी, लेकिन राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात नहीं हो पाई। सोनम किन्नर ने कहा कि जल्द ही राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात करके इस्तीफा दूंगी।
राज्यपाल से नहीं हुई मुलाकात
सोनम किन्नर ने कहा कि संगठन से सरकार है। संगठन ने हमें बनाया है। हमने संगठन को तैयार किया है। संगठन सर्वोपरि है न कि सरकार। उन्होंने कहा कि मैं आज इस्तीफा देने गई थी, लेकिन राज्यपाल नहीं मिलीं। उन्होंने कहा कि कहीं जाती हूं तो डीएम नहीं मिलते हैं। जब कोई सुनवाई नहीं होती, तो ऐसे पद से क्या फायदा।
