Aligarh Muslim University: इजराइल और फिलीस्तीन के हमास के बीच हो रहे युद्ध के दरमियान अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (Aligarh Muslim University) से खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि AMU के छात्रों ने फिलिस्तीन के समर्थन में अल्लाहू अकबर के नारे लगाए। छात्रों ने फिलिस्तीन के समर्थन में पैदल मार्च निकाला। फिलीस्तीन को आजाद करने की मांग उठाई। हालांकि बताया यह भी जा रहा है कि रविवार देर शाम को यह पैदल मार्च उन्होंने एएमयू के डक पॉन्ड से बाब-ए-सैयद सयद तक किया है।
UP News: फिलीस्तीन के समर्थन में AMU के छात्रों ने किया पैदल मार्च, अल्लाहू अकबर के लगाए नारे (File Phot0)
इजराइल के साथ भारत-'पीएम मोदी'
दरअसल, एएमयू के छात्रों ने फीलीस्तीन के समर्थन में कहा कि मानवाधिकार का हनन हो रहा है। फीलीस्तीन के लोग आजाद नहीं है। वह अपनी आजादी मांग रहे हैं। वह फीलीस्तीन के साथ खड़े हैं। वहीं, इजराइल और फिलीस्तीन के बीच हो रहे युद्ध को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि हम इजराइल के लोगों के साथ खड़े है। इजराइल पर आतंकवादी हमले से भारत चिंतित है।
छात्रों ने नहीं सौंपा ज्ञापन-'वसीम अली'
इन सब मामले को लेकर एएमयू के प्रॉक्टर प्रो.मोहम्मद वसीम अली ने कहा कि छात्रों ने जो पैदल मार्च निकाला है, उनका कोई ज्ञापन नहीं सौपा गया। छात्र जो धरने पर बैठ रहे हैं, एएमयू छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर बाब-ए-सैयद पर बैठे रहे हैं। वहीं, भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान ने कहा कि मैं प्रशासन को अवगत कराना चाहता हूं कि यह एएमयू के छात्रों को चिन्हित किया जाए। जो माहौल खराब करने का काम करते है। ऐसे ही छात्र एएमयू को बदनाम करते हैं। उन्हें चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
सांसद सतीश ने भी दी प्रतिक्रिया
वहीं, अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम ने भी इन सब मामले को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी हैं। उन्होंने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है। एएमयू के छात्र हमेशा से ऐसा कृत्य करते हैं जिससे देश में नकारात्मक माहौल बनता है। प्रधानमंत्री की आतंकविरोधी नीति पूरे विश्व में एक नजीर बनी हुई है। ऐसी मानसिकता के चलते ही छात्र मन्नान वानी आतंकवादी बना। मैं इजराइल का समर्थन करता हूं।
