UP MLC Election Results: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की वाराणसी खंड स्नातक सीट पर हुए एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने 50,529 वोट हासिल कर शानदार जीत दर्ज की है। वहीं, बीजेपी प्रत्याशी केदारनाथ सिंह ने फेसबुक पर पोस्ट करके अपनी हार स्वीकार की है। उन्होंने कहा कि वो जनादेश का सम्मान करते हैं। उन्हें , 33,530 वोट मिले।
वाराणसी खंड स्नातक सीट पर हुए एमएलसी चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार केदारनाथ सिंह की हार। PTI
करीब 50 घंटे चली मतगणना और हंगामे के बीच, केदारनाथ सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से सभी मतदाताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताया। उन्होंने संकल्प लिया कि चुनावी परिणाम से परे, वे हमेशा स्नातक समाज की समस्याओं और जनसेवा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेंगे।
बीजेपी का जताया आभार
केदारनाथ सिंह ने अपनी पोस्ट में वाराणसी खंड के सम्मानित स्नातक मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने लिखा कि जिन मतदाताओं ने अपना अमूल्य मत देकर उन पर विश्वास जताया और आशीर्वाद दिया, वे सभी उनके लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और अपने गठबंधन के वरिष्ठ पदाधिकारियों, देवतुल्य कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और समर्थकों का भी हृदय से धन्यवाद किया।
'जनसेवा का संकल्प किसी परिणाम का मोहताज नहीं होता'
केदारनाथ सिंह ने अपने समर्थकों को भरोसा दिलाया कि वे स्नातक समाज के हितों, उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव में सफलता और असफलता लोकतांत्रिक प्रक्रिया के अभिन्न अंग हैं, लेकिन जनसेवा का संकल्प किसी परिणाम का मोहताज नहीं होता। उन्होंने अपने साथ खड़े रहे लोगों के विश्वास और सहयोग को अपनी शक्ति बताया।
वाराणसी से बीजेपी को दोहरा झटका
गौरतलब है कि पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बीजेपी को दोहरा झटका लगा है। केदारनाथ सिंह की हार से पहले वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रतिष्ठित सीट पर भी बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा है। इस सीट पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार लाल बिहारी यादव ने जीत दर्ज की है।
