Gorakhpur Encounter: गोरखपुर के पिपराइच क्षेत्र में पशु तस्करों द्वारा दीपक गुप्ता की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को पिपराइच पुलिस व कुशीनगर पुलिस के संयुक्त अभियान में मुठभेड़ के बाद एक पशु तस्कर रहीम को गिरफ्तार किया गया।
बता गया कि जब जॉइंट ऑपरेशन में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी तो रहीम द्वारा पुलिस की टीम के ऊपर फायरिंग कर दी गई। जहां पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसके पैरों में गोली लग गई।
इससे पहले मंगलवार को पशु तस्करों ने दीपक गुप्ता की हत्या कर दी थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने अजब हुसैन नामक एक तस्कर को पकड़ लिया था, जो गंभीर रूप से घायल होने के चलते BRD मेडिकल कॉलेज में इलाजरत है।
फरार आरोपियों पर इनाम घोषित
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करना करण नायर ने बताया कि इस मामले में छोटू और राजू नाम के दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। साथ ही फरार दो अन्य आरोपियों पर इनाम घोषित किया गया है।
एसएसपी ने कहा कि घटना से जुड़े सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। वहीं, गोरखपुर कांड में अब तक कुछ 4 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
योगी को सौपी जाएगी रिपोर्ट
वहीं, उत्तर प्रदेश पुलिस के अपर महानिदेशक (एडीजी) कानून-व्यवस्था अमिताभ यश स्थिति का जायजा लेने और परिवार से मुलाकात करने पहुंचे थे। बताया गया कि मंगलवार देर शाम यहां पहुंचे यश ने जंगल धूषण चौराहा स्थित घटनास्थल का निरीक्षण किया, मृतक दीपक गुप्ता के परिजनों से मुलाकात की और कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
उन्होंने बताया कि बाद में एडीजी यश ने सर्किट हाउस में जिला मजिस्ट्रेट और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की और उन्हें दोषियों के खिलाफ 'कड़ी से कड़ी कार्रवाई' करने के निर्देश दिए।
