उन्नाव में भीषण हादसा: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी, 20 यात्री घायल

Unnao Road Accident: उन्नाव जिले के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी एक डबल-डेकर बस गोभी से लदे पिकअप वाहन से टकरा गई। इस टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रसेवे से नीचे गिर गई। इस दुर्घटना में बस में सवार 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Unnao Road Accident: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। जिले के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस गोभी से लदे एक पिकअप वाहन से टकरा गई। इन दोनों वाहनों के बीच की टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर को तोड़ती हुई एक्सप्रेसवे के नीचे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। इस दुर्घटना में 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि एक यात्री को मामूली चोट आई है। बताया जा रहा है कि बस में कुल 60 यात्री सवार थे। यह हादसा हसनगंज थाना क्षेत्र के एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 285 के पास हुआ।

Accident News

उन्नाव में डबल डेकर बस पिकअप वाहन से टकराने के बाद पलटी

पुलिस और यूपीडा की टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और यूपीडा (UPIDA) की टीम ने मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। क्षेत्राधिकारी हसनगंज, अरविंद चौरसिया ने बताया कि पुलिस और यूपीडा की टीम ने सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालने का काम शुरू किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि बस में लगभग 60 यात्री मौजूद थे। इसमें से 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। अधिकारी ने बताया कि घायलों को सीएचसी औरास में प्राथमिक उपचार के बाद, बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल रेफर कर दिया गया है। बाकी सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालकर उनके गंतव्य स्थानों तक भेजने की व्यवस्था की जा रही है। अधिकारी ने बताया कि बस में लखनऊ, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, अंबेडकरनगर और जौनपुर समेत आसपास के जिलों के यात्री सवार थे।

End of Feed