लखनऊ

जीजा की छेड़छाड़ से परेशान दो बहनों ने की आत्महत्या, ऐसी हरकतों को कतई नजरअंदाज न करें

कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के साथ गैंगरेप और हत्या की घटना से देशभर में आक्रोश है। इस बीच उत्तर प्रदेश के गोंडा में एक जीजा की छेड़छाड़ से परेशान दो युवतियों के नदी में कूदकर जान देने की खबर ने सनसनी फैला दी है। लड़कियां जब घर में भी सुरक्षित नहीं हैं तो उन्हें इन हरकतों के प्रति हमेशा सचेत रहना चाहिए -

Image

जीजा की छेड़छाड़ से तंग, सगी बहनों ने दी जान

Photo : PTI

कल यानी सोमवार 19 अगस्त को जब भाई और बहन के पवित्र रिश्ते का त्योहार रक्षाबंधन मनाया जा रहा था, उसी समय दो बहनों ने नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। खबर उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले की है। दोनों सगी बहनों ने एक-दूसरे को पकड़े से बांधा और नदी में कूदकर जान दे दी। दरअसल 19 साल की सुनीता और 17 वर्ष की पुनीता दोनों लड़कियां जीजा की तरफ से की जा रही छेड़छाड़ से परेशान थीं। लड़कियों के पिता ने अपने दामाद पर छोटी बेटियों के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाया है।

पिता सुरेश कुमार का कहना है कि उनकी दोनों छोटी बेटियों के साथ उनकी बड़ी बेटी अनीता का पति अशोक कुमार छेड़छाड़ कर रहा था। इस छेड़छाड़ से तंग आकर दोनों बेटियां सोमवार सुबह घर से कहकर निकली कि कहीं जा रही हैं और कभी वापस नहीं लौटेंगी।

देर तक नहीं लौटीं तो तलाश शुरू की

थाना प्रभारी संतोष कुमार मिश्रा ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों बहनों ने यहां कि बिसुही नदी में छलांग लगा दी, बाद में गांववालों की मदद से दोनों के शव नदी से बरामद किए गए। लड़कियों के पिता का कहना है कि जब लड़कियां बाहर जा रही थीं, तो उन्होंने उनके कथन को गंभीरता से नहीं लिया। उनका कहना है कि उन्हें लगा शौच के लिए बाहर जा रही हैं। जब दोनों देर तक वापस नहीं लौटीं तो ग्रामीणों ने तलाश शुरू की।

10वीं में पढ़ती थी छोटी बेटी

दोनों लड़कियों को ग्रामीणों ने नदी की ओर जाते हुए देखा था, जिसके चलते नदी के पास जाकर उनकी खोज की गई। ग्रामीणों ने पुलिस को भी इस संबंध में सूचना दी। पुलिस के अनुसार दोनों बहनों ने एक-दूसरे को कपड़े से बांधा हुआ था। जानकारी के अनुसार सुनीता ने इसी साल 12वीं पास की थी, जबकि छोटी बहन पुनीता अभी 10वीं में पढ़ रही थी। पिता कि शिकायत पर जीजा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

घर में ही छेड़छाड़ की शिकार होती हैं लड़कियां

बहुत सी लड़कियां अपने ही घर में अक्सर किसी परिचित या रिश्तेदार की तरफ से छेड़छाड़ का शिकार होती हैं। कम उम्र में उन्हें इन हरकतों के बारे में जानकारी नहीं होती है और कई बार तो छेड़छाड़ करने वाले शख्स की धमकी की वजह से वह किसी को इस बारे में नहीं बताती हैं। शर्म की वजह से भी अक्सर लड़कियां चुप रह जाती हैं। ऐसे में छेड़छाड़ करने वाले शख्स का मनोबल बढ़ जाता है और उसकी हरकतें बढ़ती चली जाती हैं।

ऐसी हरकतों को नजरअंदाज न करें

ऐसा नहीं है कि घर के बाहर ही लड़कियों की जिंदगी मुश्किल है। घर के अंदर भी हवस के पुजारी उनकी ताक में रहते हैं। ऐसे में लड़कियों को सलाह दी जाती है कि अपने माता-पिता से कोई बात न छिपाएं। अगर आपका कोई रिश्तेदार, जानकार या घर पर आने-जाने वाला व्यक्ति नीचे बताई गई हरकतें करें तो चुप न बैठें -
  • जबरदस्ती छूने की कोशिश
  • अश्लील इशारे करना
  • जबरदस्ती अपने पास बैठने को कहना
  • माता-पिता की अनुपस्थिति में बार-बार घर आना
  • छोटी बच्चियों को किसी चीज का लालच देकर बुलाना
  • अपने कपड़े उतारकर बॉडी दिखाना
  • अपने शरीर को टच करने के लिए कहना
  • अकेले या बंद कमरे में चलने को कहना या ले जाना
इस तरह की किसी भी हरकत की तुरंत अपने माता-पिता से शिकायत करें। ऐसी किसी भी हरकत पर कतई चुप न बैठें, अन्यथा यह हरकतें बढ़ती चली जाएंगी।
Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें