Lucknow Drain Accident: लखनऊ के ठाकुरगंज स्थित राधा ग्राम इलाके में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब 38 वर्षीय सुरेश नामक व्यक्ति नाले में बह गया। यह घटना सुबह करीब 7 बजे की है, जब सुरेश अपनी पान की दुकान पर जाने के लिए निकले थे। रास्ते में उनका पैर टूटे हुए स्लैब पर फिसल गया और वह सीधे नाले में गिरकर बह गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और नगर निगम को सूचना दी, लेकिन राहत टीम दो घंटे की देरी से मौके पर पहुंची। सुरेश अपने पीछे पत्नी रेणु और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था।
खुले नाले में बहने से व्यक्ति की मौत
सुरेश की पत्नी ने बताया कि उन्होंने नाले की खस्ताहाल स्थिति को लेकर पहले भी दो बार नगर निगम से शिकायत की थी, लेकिन किसी ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने खुद के खर्चे से घर के सामने का नाला ठीक कराया था, लेकिन बाकी हिस्सा अब भी जर्जर था। घटना के बाद इलाके में गुस्सा भड़क उठा। नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दी और नगर निगम व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थानीय निवासी मनोज वर्मा ने बताया कि नाले की मरम्मत की जिम्मेदारी नगर निगम और पार्षद की है, लेकिन उनकी लापरवाही ने एक जिंदगी छीन ली। सुरेश के परिवार ने प्रशासन पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
