नई संसद को लेकर सपा के सांसद शफीकुर्रहमान बर्क ने एक बड़ा बयान दे दिया है। शफीकुर्रहमान बर्क ने कहा है कि नई संसद में नमाज पढ़ने के लिए जगह होनी चाहिए थी। ताकि मुस्लिम सांसद नमाज के समय में आसानी से नमाज पढ़ सकें।
क्या कहा सपा सांसद ने
सपा सांसद ने कहा कि नमाज पढ़ने के लिए पुरानी संसद में भी जगह नहीं थी, लेकिन यहां होनी चाहिए थी। बर्क ने कहा- देखिए नमाज पढ़ने के लिए तो यहां भी जगह नहीं थी। ये तो उन्हें सोचना चाहिए कि नमाज पढ़ने की...जगह कैसे बनाएंगे, जब नफरत फैला रखी हो..."
आज से नए संसद में एंट्री
पुराने भवन के सेंट्रल हॉल में समारोह के बाद संसदीय कार्यवाही नये भवन में स्थानांतरित हो जाएगी। लोकसभा की बैठक नये भवन में अपराह्न सवा एक बजे शुरू होगी। वहीं, राज्यसभा की कार्यवाही अपने नये कक्ष में अपराह्न सवा दो बजे आरंभ होगी।
नई संसद को मिला नाम
संसद की नयी इमारत को ‘भारत का संसद भवन’ नाम दिया गया है। लोकसभा सचिवालय की अधिसूचना में यह जानकारी दी गई। सोमवार को जारी अधिसूचना में कहा गया- "लोकसभा अध्यक्ष को यह सूचित करते हुए प्रसन्नता हो रही है कि नयी दिल्ली स्थित भूखंड संख्या 118 में संसद भवन की परिसीमा में एवं मौजूदा संसद भवन के पूर्व में स्थित संसद की नयी इमारत, जिसके दक्षिण में रायसीना रोड और उत्तर में रेड क्रॉस रोड है, उसे ‘भारत का संसद भवन’ नाम दिया गया है।"
