UP General Knowledge: उत्तर प्रदेश के बारे में आप बहुत कुछ जानते हैं। अपना राज्य होने के कारण गर्व से यूपी का नाम लेते हैं। जब भी आप कहते हैं कि भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हमारे ही उत्तर प्रदेश (अयोध्या और मथुरा) में हुआ था तो गर्व से सीना चौड़ा हो जाता है। इसके अलावा भगवान गौतमबुध को भी इसी उत्तर प्रदेश की धरती पर निर्वाण प्राप्त हुआ था। महान हस्तिनापुर राज्य भी इसी उत्तर प्रदेश में था। यह सब जब आप किसी को बताते हैं तो आपकी आंखों में चमक आ जाती है।
उत्तर प्रदेश को जानते हैं तो इन प्रश्नों के उत्तर दें
यही नहीं, उत्तर प्रदेश में ही गंगा, यमुना और सरस्वती का संगम है। यहां पर महाकुम्भ का आयोजन होता है। यहां काशी, मथुरा और अयोध्या हैं। यहीं पर धरती के सबसे पुराने शहरों में से एक वाराणसी (काशी) है। कहा जाता है कि उत्तर प्रदेश में मौजूद प्रयागराज में ही भगवान ब्रह्मा ने पहला यज्ञ किया था। उत्तर प्रदेश में ही मेरठ भी है, जहां से स्वतंत्रता की पहली लड़ाई की शुरुआत मानी जाती है। अगर अपने राज्य को लेकर इतना ही गर्व है तो नीचे दिए गए कुछ प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी नॉलेज को परख लें -
FAQs
क्षेत्रफल और आबादी के अनुसार उत्तर प्रदेश देश में कौन-से स्थान पर आता है?
क्षेत्रफल के लिहाज से उत्तर प्रदेश भारत का चौथा सबसे बड़ा राज्य है। आबादी के लिहाज से यूपी नंबर 1 पर विराजमान है।
उत्तर प्रदेश का कुल क्षेत्रफल कितना है?
उत्तर प्रदेश का कुल क्षेत्रफल 2 लाख, 40 हजार, 928 वर्ग किलोमीटर है, जो भारत के कुल क्षेत्रफल का लगभग 7.33 फीसद है।
उत्तर प्रदेश की जनसंख्या कितनी है?
साल 2011 की जनगणना के अनुसार उत्तर प्रदेश की कुल जनसंख्या 19 करोड़, 98 लाख से अधिक थी, जो अब बढ़कर 24 करोड़ से अधिक हो चुकी है।
उत्तर प्रदेश में कुल कितने जिले हैं?
उत्तर प्रदेश में कुल 75 जिले हैं। हालांकि, महाकुम्भ के दौरान कुम्भ क्षेत्र को जिला घोषित किया गया था। इसलिए उस समय राज्य में 76 जिले मौजूद थे।
उत्तर प्रदेश के जिले कितने मंडलों और संभागों में बंटे हैं?
यूपी के जिले 18 मंडलों और 4 संभागों (पूर्वांचल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बुंदेलखंड, रोहिलखंड) में विभाजित हैं।
उत्तर प्रदेश में कितनी तहसीलें और नगर निगम हैं?
उत्तर प्रदेश में कुल 351 तहसीलें और 17 नगर निगम हैं। राज्य में 200 नगर पालिका परिषद भी हैं।
यूपी में कुल कितने विकास प्राधिकरण हैं
उत्तर प्रदेश में 28 विकास प्राधिकरण और 5 विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण भी हैं।
उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा जिला कौन-सा है और इसका क्षेत्रफल कितना है?
यूपी का सबसे बड़ा जिला लखीमपुर खीरी है। लखीमपुर खीरी का कुल क्षेत्रफल 7680 वर्ग किलोमीटर है।
मशहूर मेंढक मंदिर कहां है?
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में प्रसिद्ध मेंढक मंदिर है।
उत्तर प्रदेश का सबसे छोटा जिला कौन-सा है और इसका क्षेत्रफल कितना है?
यूपी का सबसे छोटा जिला हापुड़ है, जो 660 वर्ग किलोमीटर में फैला है।
हापुड़ जिला किस चीज के लिए प्रसिद्ध है?
दिल्ली-एनसीआर में मौजूद हापुड़ जिला अपने स्टेनलेस स्टील विनिर्माण के लिए प्रसिद्ध है।
उत्तर प्रदेश के किस जिले में सबसे कम बारिश होती है?
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में सबसे कम बारिश होती है।
मथुरा जिले में औसतन कितनी बारिश होती है?
मथुरा जिले में औसतन 54.4 सेंटीमीटर वार्षिक वर्षा होती है।
उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश किस जिले में होती है
यूपी में सबसे अधिक बारिश गोरखपुर जिले में होती है।
उत्तर प्रदेश में सबसे लंबा प्लेटफॉर्म किस रेलवे स्टेशन पर है?
यूपी में सबसे लंबा रेलवे प्लेटफॉर्म गोरखपुर स्टेशन पर है, जो 1366 मीटर लंबा है।
