Lucknow SGPGI: उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए राहतभरी खबर है। अब राजधानी लखनऊ स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में हर वर्ष 500 अंग प्रत्यारोपण किए जा सकेंगे। एसजीपीजीआई में रीनल ट्रांसप्लांट यूनिट बनकर तैयार हो चुकी है। यह यूनिट नए साल पर जनवरी माह से शुरू हो जाएगी। इस ब्लॉक की स्थापना के बाद प्रत्यारोपण की क्षमता दोगुनी से भी अधिक हो जाएगी। गौरतलब है कि, एसजीपीजीआई में अभी 200 लिवर और किडनी ट्रांसप्लांट हो रहे हैं। नई यूनिट शुरू होने के बाद ट्रांसप्लांट की संख्या 500 के पार पहुंच जाएगी। ऐसे में मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। मरीजों को दूसरे राज्यों में भटकना नहीं पड़ेगा।
पीजीआई में अब हर वर्ष होंगे 500 अंग प्रत्यारोपण
संस्थान के निदेशक प्रो. आरके धीमान के अनुसार, इस वक्त संस्थान में ट्रांसप्लांट के लिए तीन ऑपरेशन थियेटर का इस्तेमाल किया जा रहा है। एक सप्ताह में करीब पांच दिन ट्रांसप्लांट होते हैं। इस हिसाब से पूरे वर्ष में करीब 200 प्रत्यारोपण के केस हो रहे हैं। नई यूनिट तैयार होने पर एक साथ छह ऑपरेशन थिएटर चल पाएंगे।
