Lucknow Crime News: मकान मालिक और किराएदार में विवाद आम बात है। आए दिन ऐसी घटनाएं अलग-अलग शहरों में होती रहती हैं, लेकिन लखनऊ में एक परिवार ने मकान मालिक पर गंभीर आरोप लगाया है। मामला ठाकुरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गऊघाट चौका है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि, मकान खाली कराने को लेकर मालिक ने युवक की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद उसके प्राइवेट पार्ट पर लात मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि, युवक ने चार दिन पहले ही ठाकुरगंज पुलिस से मकान मालिक के खिलाफ शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इससे मकान मालिक का मन बढ़ गया और उसने युवक के साथ मारपीट की।
पीड़ित परिवार ने लगाई न्याय की गुहार, वीडियो वायरल
पीड़ित परिवार का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें महिला कह रही है मकान मालिक वीरू और सहाबू मकान खाली करने के लिए उसके पति पर दबाव बना रहा था। इसी दौरान उसने युवक को उठाकर पटक दिया और प्राइवेट पार्ट पर भी लात मारी। महिला का कहना है कि, पति की मौत के बाद भी पुलिस उसके पास मामले को लेकर पूछताछ करने नहीं आई है। वहीं, पूरे मामले में मामले पुलिस का कहना है कि, ठाकुरगंज थाने में सुसंगत धाराओं मे केस पंजीकृत किया जा रहा है। अभियुक्त को हिरासत मे ले लिया गया है
।
पहले भी हो चुकी हैं कई घटनाएं
लखनऊ के फैज़ुल्ल्लागंज में अभिमन्यु के मकान में किराये पर सिधौली सीतापुर निवासी वनराज रहता है। वनराज का कहना था कि, 10 मई 2020 को लॉकडाउन के दौरान मकान मालिक ने किराया मांगा था। इस पर वनराज ने कहा था कि, लॉकडाउन में काम-धंधा ठप है। मकान में काम करने वाले अभिमन्यु के करीबी मिस्त्री रमेश ने किराया मांगा था और फिर वनराज पर चाकू से हमला कर दिया।
मकान मालिक की पिटाई से युवक की हो गई थी मौत
17 जनवरी 2021 को लखनऊ के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौहानपुरम में पैसे चोरी करने का आरोप लगा मकान मालिक ने किराएदार की पिटाई की थी। घायल बिजली मिस्त्री ने दम तोड़ दिया था। पुलिस ने आरोपी मकान मालिक को हिरासत में ले लिया था। बता दें उन्नाव जिले के अचलगंज थाना क्षेत्र के अर्चित खेड़ा के रहने वाले अरविंद कुमार सरोजनीनगर के चौहानपुरम में मकान बना रहे थे। अरविंद के गांव का ही 35 साल का अशोक कुमार निर्माणाधीन मकान में बिजली का काम कर रहा था। घटना वाली शाम अरविंद की पत्नी के बैग से 35 हजार रुपये चोरी कर लिए गए। चोरी का आरोप अशोक पर लगाते हुए अरविंद ने उसे जमकर पीटा था।
