Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इंदिरा ब्रिज की मरम्मत करना बेहद जरूरी होता जा रहा है। मरम्मत का कार्य शुरू करने से पहले जांच के लिए गए इंजीनियरों ने जानकारी देते हुए बताया कि ब्रिज पर बहुत झटके लग रहे हैं। जांच में मालूम हुआ है कि ब्रिज का एक्सपेंशन खराब हो गया है और इसे बदलने की जरूरत है। लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर ने बताया कि इसे बदलने के बाद ब्रिज पर झटके लगना कम हो जाएगा।
इंदिरा ब्रिज पर शुरू होगा मरम्मत का कार्य
इंदिरा ब्रिज के एक्सपेंशन को बदलने और मरम्मत करने की तैयारी की जा रही है। मरम्मत के दौरान इस रास्ते को बंद किया जाएगा। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी का सामना फैजाबाद जाने वाले लोगों को करना पड़ेगा। इस दौरान सबसे बड़ी मुश्किल ये है कि अगर ब्रिज बंद किया गया तो यातायात कैसे चलेगा। इस परेशानी को हल करने के लिए लोक निर्माण विभाग यातायात पुलिस के साथ बैठक करेगा।
इतने दिन के लिए बंद किया जाएगा इंदिरा ब्रिज
मिली जानकारी के अनुसार, इंदिरा ब्रिज के एक्सपेंशन को बदलने में और ओवर ब्रिज की बेयरिंग की मरम्मत का कार्य पूरा करने में करीब 30 दिन का समय लगेगा। ऐसे में ब्रिज को एक महीने के लिए बंद किया जाएगा। बता दें प्रतिदिन इस मार्ग से हजारों दो पहिया और चार पहिया वाहन गुजरते हैं। ऐसे में इनके लिए एक रूट डायवर्जन तैयार किया जाएगा। मरम्मत का कार्य आज से शुरू किया जा रहा है।
यातायात पुलिस के साथ बैठक
इंदिरा ब्रिज पर मरम्मत के कार्य के दौरान उसे एक महीने के लिए बंद किया जाना है। ट्रैफिक के लिहाज से इंदिरा ब्रिज काफी अहम है। ऐसे में लोगों की सुरक्षा के लिए इसकी मरम्मत होना भी आवश्यक है। मरम्मत कार्य के दौरान इस मार्ग का उपयोग करने वाले लोगों को अधिक परेशानी का सामना न करना पड़े इसे ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण विभाग यातायात पुलिस के साथ 23 अप्रैल को एक बैठक करेगा। इस बैठक में रूट डायवर्जन को लेकर चर्चा की जाएगी। बता दें कि लोक निर्माण विभाग द्वारा डायवर्जन रूट को लेकर एक प्लान तैयार कर लिया गया है। इस प्लान पर बस यातायात पुलिस की मुहर लगने का इंतजार है। बैठक के दौरान हुई चर्चा के आधार पर रूट डायवर्जन 1 माहीन के लिए लागू किया जाएगा। इसके बाद इंदिरा ब्रिज का उपयोग करने वाले वाहन चालक डावर्जन रूट का उपयोग करते हुए अपने गंतव्य पर पहुंच सकेंगे।
