Lucknow City Bus: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लोगों के लिए राहतभरी खबर है। रोडवेज परिवहन विभाग लखनऊ में और 200 इलेक्ट्रिक सिटी बसों का संचालन किया जाएगा। यह सभी बस प्रदूषण मुक्त के साथ वातानुकूलित भी होंगी। लखनऊ की पांच तहसीलों से लेकर कॉलोनियों के रहने वालों को इलेक्ट्रिक बसों की सुविधा दी जाएगी। इससे गांव से शहर के बीच सेवाएं बेहतर हो सकेंगी। इसके साथ ही जाम से भी निजात मिल सकेगी।
लखनऊ की सड़कों पर दौड़ेंगी 200 और इलेक्ट्रिक एसी बसें।
आपको बता दें कि लखनऊ समेत प्रदेश के 15 महानगरों में बढ़ते प्रदूषण के चलते 1525 सीएनजी बसों का प्रस्ताव बना था। इसे नगर विकास निदेशालय ने ठुकरा दिया और ई-बस चलाने की मंजूरी दी। इसके साथ ही कंडम सीएनजी बसों को दिसंबर तक नीलाम करने की मियाद तय की गई है। नई ई-बसें का संचालन अनुबंध पर किया जाएगा। इसके लिए इसी माह टेंडर जारी हो जाएगा। फिलहाल शहर में 140 इलेक्ट्रिक बसों और 60 सीएनजी बसों का संचालन किया जा रहा है।
ई-बसों के संचालन से जाम से भी राहत मिलेगी
एमडी सिटी ट्रांसपोर्ट लखनऊ आरके त्रिपाठी ने बताया कि, शासन स्तर पर ई-बसों के संचालन को मंजूरी मिल गई है। जैसे ही दिशा-निर्देश आ जाएंगे, नए रूटों का सर्वे शुरू कर दिया जाएगा। इन बसों के संचालन से दैनिक यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। इसके साथ ही आने वाले दिनों में हर बस स्टापेज पर पब्लिक ट्रांसपोर्ट सुविधा होगी। ऐसे में लोग खुद के वाहन छोड़कर ई-बस से सफर करना पसंद करेंगे। इससे सड़क पर वाहनों की संख्या में कमी आएगी। साथ ही जाम से भी राहत मिलेगी।
ई-बसों में होंगी ये सुविधाएं
ई-बसों में यात्रियों को कई सुविधाएं भी मिलेंगी। यह बस 30 सीटर होगी। इसमें एसी लगे होंगी। हर बस में तीन-तीन कैमरे इंस्टॉल किए जाएगें। महिलाओं की सुरक्षा के लिए पैनिक बटन भी होगा। दूसरी ओर, इलेक्ट्रिक बस के लिए स्टॉपेज पर खड़े होकर अब यात्री को इंतजार नहीं करना पड़ेगा। चलो एप की मदद से कोई भी व्यक्ति स्मार्ट फोन से यह पता कर सकेगा कि बस कितनी देर में उसके पास पहुंच जाएगी। नगर विकास विभाग के सहयोग से चल रहीं इन बसों में लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड ने लोकेशन पता करने की सुविधा शुरू कर दी है।
