गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया है। लखनऊ से रवाना होने वाली और लखनऊ होकर गुजरने वाली कई स्पेशल ट्रेनों में अभी भी सैकड़ों सीटें खाली हैं। रेलवे प्रशासन ने शुक्रवार को जानकारी दी कि जुलाई और अगस्त में चलने वाली इन ट्रेनों में वातानुकूलित (AC) और स्लीपर श्रेणी में बड़ी संख्या में बर्थ उपलब्ध हैं, जिन्हें ऑनलाइन या रेलवे काउंटर से बुक किया जा सकता है।
भारतीय रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया शुरू (सांकेतिक फोटो)
लखनऊ-छपरा स्पेशल ट्रेन में चेयरकार की सीटें बड़ी संख्या में खाली हैं। 29 जून को 321, 30 जून को 414 और 2 जुलाई को 418 सीटें उपलब्ध हैं। वहीं, छपरा से लखनऊ लौटने वाली ट्रेन में भी 30 जून और 2 जुलाई के लिए 400 से अधिक सीटें खाली हैं। गोमतीनगर से बेंगलुरु की यात्रा करने वालों के लिए भी अच्छी खबर है। गोमतीनगर-सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल स्पेशल ट्रेन में जुलाई और अगस्त के दौरान विभिन्न श्रेणियों में सीटें उपलब्ध हैं।
इसके अलावा, धार्मिक स्थलों और दिल्ली की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए गोरखपुर, बनारस, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, रक्सौल और छपरा से चलने वाली कई स्पेशल ट्रेनों में भी सैकड़ों बर्थ खाली हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से आग्रह किया है कि वे सीटों की बढ़ती मांग को देखते हुए अपनी बुकिंग समय रहते पूरी कर लें, ताकि यात्रा के दौरान असुविधा से बचा जा सके।
