Farrukhabad Cylinder Caught Fire: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में सिलेंडर में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। जिसमें चार महिलाओं समेत पांच लोग गंभीर रूप से जलकर घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि किचन में चाय बनाते समय रसोई गैस के सिलेंडर में आग लगने से यह हादसा हुआ। जिसमें घर में रखा सामान भी जल गया है।
सांकेतिक फोटो
माचिस जलाते ही सिलेंडर ने पकड़ी आग
अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने मंगलवार को बताया कि थाना कमालगंज क्षेत्र के अंतर्गत टांडा बहरामपुर गांव में रहने वाले शैतान सिंह के घर में आज सुबह यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि सुबह चाय बनाने के लिए जब घर की महिला ने माचिस जलाई तो गैस सिलेंडर ने आग पकड़ ली जो फैलती चली गई और घर में रखा घरेलू सामान भी जल गया।
सामान निकालने की कोशिश में झुलसे लोग
पुलिस ने बताया कि इस दौरान घरेलू सामान निकालने की कोशिश कर रही चार महिलाएं और एक पुरुष आग में जलकर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं । सूचना मिलने पर पुलिस ने पहुंच कर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
(इनपुट - भाषा)
