Noida News: थाना फेज-1 क्षेत्र में पुलिस और मोबाइल लूटने वाले बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। फायर झोंक कर भाग रहे बदमाशों पर जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया। मौके से फरार दूसरे बदमाश को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके पास से लूट के 6 मोबाइल, तमंचा और कारतूस समेत अन्य सामान बरामद हुए हैं। घायल बदमाश के खिलाफ अलग-अलग थानों में 15 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने की जवाबी फायरिंग
घायल बदमाश की पहचान अमन पुत्र अजय के रुप में हुई, इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जब कि उसके साथी सौरभ पुत्र पप्पू सिंह को कॉम्बिंग के दौरान दबोचा गया। ADCP नोएडा जोन सुमित शुक्ला ने बताया कि थाना फेज-1 पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच एनकाउंटर सेक्टर 15ए के पीछे गंदे नाले को जाने वाली सड़क पर हुआ। पुलिस ने चेकिंग के लिए बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया तो वह नहीं रुके और पुलिस पर फायरिंग करने लगे, जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई। गोली लगने के कारण एक बदमाश अमन घायल हो गया। मौके से फरार उसके साथी सौरभ को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया।
ADCP नोएडा का बयान
ADCP नोएडा सुमित शुक्ला ने बताया कि दोनों शातिर किस्म के बदमाश हैं, बीते दिनों लूटे हुए रेडमी मोबाईल फोन का मुकदमा थाना फेज-1 दर्ज है। इनके पास से चोरी की बाइक लूट के 6 मोबाइल, तमंचा और कारतूस समेत कुछ और सामान बरामद हुए हैं। घायल बदमाश अमन के खिलाफ अलग-अलग थानों में 15 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। बदमाश के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी और अन्य आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
