मोदी के खौफ से विपक्षी दल ऐसे एक हुए जैसे सांप और नेवला, बोले केशव प्रसाद मौर्य

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jun 23, 2023, 10:38 PM IST

मौर्य ने कहा कि बैठक में शामिल होने वाले दलों का एजेंडा एक है, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले नौ वर्षों की केंद्र सरकार के अभूतपूर्व निर्णयों का विरोध ही विपक्ष का एजेंडा है।

Keshav Prasad Maurya: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को पटना के विपक्षी दलों की बैठक का मजाक उड़ाते हुए कहा कि मोदी जी के खौफ से विपक्षी दल ऐसे एक हुए हैं जैसे सांप और नेवला। लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी राज्य मुख्यालय के सभागार में शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सांप और नेवला जैसे संग नहीं रह सकते, केर-बेर का संग नहीं हो सकता, उसी प्रकार अवसरवादी दल एक नहीं हो सकते। इनमें अधिकांश का उदय कांग्रेस विरोध से हुआ है।

मौर्य बोले, परिवार की राजनीति खतरे में

मौर्य ने कहा कि जिनका परिवार तंत्र ही लोकतंत्र था, जिनके परिवार की राजनीति खतरे में है, जिनके भ्रष्टाचार का खुलासा हो रहा है, ऐसे सभी मुद्दाविहीन विपक्षी दलों के नेता आज पटना में बैठक में सम्मिलित हुए। गौरतलब है कि विपक्ष के 15 राजनीतिक दलों के नेताओं ने साल 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए साझा रणनीति तय करने के लिए शुक्रवार को पटना में मैराथन बैठक की जिसमें यह फैसला किया गया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ एकजुट होकर लड़ेंगे। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की मेजबानी में यह बैठक मुख्यमंत्री के आवास एक अणे मार्ग पर हुई, जिसमें करीब 30 विपक्षी नेताओं ने भाग लिया।

End of Feed