UP Crime News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की रहने वाली एक युवती ने अपने पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। लाइनपार प्रकाश नगर निवासी महिला नेहा श्रीवास्तव का कहना है कि दिल्ली में ट्रांसपोर्ट इंफोर्समेंट डिपार्टमेंट में बतौर कांस्टेबल तैनात उसका पति दहेज के लिए उसे रोज पीटता था। एक दिन उसने इतना पीटा कि कान का पर्दा ही फट गया। इसके बाद युवती ने मुरादाबाद के मझोला थाने में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। युवती का कहना है कि उसका पति सरकारी नौकरी का दंभ भरता था और घर वालों से पैसे मांगने के लिए उसे प्रताड़ित करता था।
दहेज के लिए कांस्टेबल ने पत्नी को पीटा
शादी के कुछ दिन बाद होने लगी दहेज की डिमांड
जानकारी के मुताबिक, नेहा श्रीवास्तव की शादी दिल्ली के अजीत विहार कालोनी के रहने वाले प्रदीप श्रीवास्तव से छह फरवरी 2022 को हुई थी। नेहा के भाई शुभम ने बताया, उन्होंने अपनी बहन की शादी में हैसियत से अधिक दान दहेज दिया था। शादी के कुछ दिन तक तो सबकुछ ठीक रहा, लेकिन बाद में नेहा के ससुराल वाले उसे दहेज के प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि नेहा का पति प्रदीप अपनी सरकारी नौकरी को लेकर दंभ भरता और उससे मायके वालों से और पैसे मांगने की डिमांड करता था। पैसे न मांगने पर उसकी बहन को पीटा जाता था।
जान से मारने का किया प्रयास
शुभम ने बताया कि उसकी बहन नेता का पति काफी समय से उससे 10 लाख रुपये और कार की डिमांड कर रहा था। जब यह मांग पूरी नहीं हुई तो उसने नेहा को और अधिक प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। बीते मार्च में ससुराल वालों ने मिलकर नेहा को इतना पीटा कि उसके कान का पर्दा ही फट गया, जिसके बाद नेहा के घर वाले उसे अपने साथ मुरादाबाद ले लाए। शुभम ने बताया, पति प्रदीप श्रीवास्तव और उसकी बहनों ने नेहा का गला दबाकर उसे जान से मारने का प्रयास किया।
