Balrampur Accident: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में बीती रात भीषण हादसा हो गया। बलरामपुर-तुलसीपुर हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई और 8 अन्य लोग घायल हो गए। इस हादसे पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।
बलरामपुर में भीषण हादसा
शादी समारोह से लौटते समय हादसा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कार सवार परिवार बुधवार और गुरुवार की मध्य रात्रि में देहात थाना क्षेत्र के चकवा गांव के पास एक शादी समारोह में भाग लेकर लौट रहा था। तभी उनकी कार को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें बलरामपुर के जिला मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया है। जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
सीएम ने जताया दुख
घटना की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी पवन अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने अस्पताल का दौरा किया और अधिकारियों को घायलों का अच्छे से अच्छा उपचार करने के निर्देश दिए। इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर जिले में हुए इस सड़क हादसे में लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर यह जानकारी दी।
(इनपुट - भाषा)
