Bundelkhand Expressway: उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए अच्छी खबर है। झांसी और चित्रकूट शहर भी बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से सीधे जुड़ेंगे। इसके लिए दो नए लिंक एक्सप्रेस-वे के औचित्य के लिए जल्द अध्ययन शुरू किया जाएगा। उप्र औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने प्री फिजिबिलिटी रिपोर्ट (औचित्य के अध्ययन) के लिए टेंडर आमंत्रित किए हैं। इन दोनों परियोजनाओं के धरातल पर उतरने पर डिफेंस कॉरीडोर का झांसी और चित्रकूट भी बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जुड़ जाएगा, जोकि औद्योगिक निवेश के लिहाज से काफी अच्छा होगा। बता दें कि मौजूदा समय में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे कुल 296.07 किमी लंबा है। यह चित्रकूट में भरतकूप से शुरू होता है। बांदा, हमीरपुर, जालौन, औरेया और इटावा से निकलते हुए आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे में जुड़ जाता है। इससे बुंदेलखंड क्षेत्र सीधे राजधानी दिल्ली से कनेक्ट है। लेकिन, अभी तक झांसी और चित्रकूट बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से नहीं जुड़ पाए हैं।
झांसी और चित्रकूट से जुड़ेगा बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे
यूपीडा के अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक प्रस्ताव के मुताबिक, झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे झांसी से शुरू होकर गरौठा होते हुए उरई में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे में जुड़ेगा। इसकी लंबाई करीब 100 किलोमीटर होगी। ऐसे ही भरतकूप को चित्रकूट से जोड़ने के लिए करीब 25 किलोमीटर लंबे लिंक एक्सप्रेस-वे का निर्माण करना पड़ेगा।
