UP Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश के मौसम में जल्द ही बदलाव होने वाला है। यूपी में फिलहाल हल्की ठंड पड़ रही है। लेकिन जल्द ही गुलाबी ठंड का दौर खत्म होकर ठिठुरन भरी सर्दी पड़ने वाली है। प्रदेश में सर्दियों की पहली बारिश भी दस्तक देने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार 8 और 9 दिसंबर को यूपी में बारिश होने की संभावना है। हालांकि इस दौरान हल्की बारिश होने का अनुमान है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। साथ ही ठंड में भी बढ़ोत्तरी की संभावना है।
यूपी में ठंड
अगले तीन दिनों में गिरेगा पारा
यूपी में आज तड़के सुबह कई जगहों पर हल्के से मध्यम कोहरा देखने को मिला। हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही मौसम साफ हो जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार आज पूर्वी और पश्चिमी यूपी में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। वहीं शनिवार को मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। इस दौरान कहीं भी किसी भी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है। आईएमडी के अनुसार यूपी में अगले तीन दिनों में अलग-अलग जिलों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट की भी संभावना है।
सर्दियों की पहली बारिश की दस्तक
मौसम विभाग के अनुसार 8 दिसंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं हल्की से बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान सुबह के समय कुछ स्थानों पर छिछला से मध्यम कोहरा भी छाया रह सकता है। वहीं 9 दिसंबर को भी दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की से बहुत हल्की बारिश के आसार हैं। जिसके बाद 10 और 11 दिसंबर को यूपी में मौसम साफ रह सकता है। इस अवधि में तड़के सुबह कुछ जगहों पर छिछला से मध्यम कोहरा भी देखने को मिल सकता है।
अयोध्या में 7 डिग्री दर्ज हुआ तापमान
मौसम विभाग की गुरुवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार यूपी में सबसे कम तापमान अयोध्या में 7 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा बुलंदशहर का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री, लखनऊ का 9.6 डिग्री, इटावा का 8.8 डिग्री, झांसी का 10.3 डिग्री, प्रयागराज का 11 डिग्री, कानपुर सिटी का 11.6 डिग्री, वाराणसी बीएचयू का 12.8 डिग्री और चुर्क का 9.2 डिग्री दर्ज किया गया। इस दौरान सर्वाधिक अधिकतम तापमान उरई में 30 डिग्री रहा। वहीं मेरठ में अधिकतम तापमान 25 डिग्री, आगरा में 27.2 डिग्री, बांदा में 28.2 डिग्री, प्रयागराज में 29 डिग्री, झांसी में 29.1 डिग्री, इटावा में 14.8 डिग्री, कानपुर सिटी में 27 डिग्री, वाराणसी एयरपोर्ट में 27.5 डिग्री और अलीगढ़ में 26.2 डिग्री दर्ज किया गया।
