UP Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदला हुआ है। यूपी में रात में सर्दी का एहसास फिर से बढ़ गया है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के 19 जिलों में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। सबसे कम तापमान नजीबाबाद में 13.5 डिग्री सेल्सियस रहा। पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से यपी के मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। प्रदेश में कल से फिर मौसम बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
आज यूपी का मौसम
कल से शुरू होगा बारिश का सिलसिला
मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी में 20 से 30 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 20 मार्च को प्रदेश में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं। इस दौरान यूपी में कहीं-कहीं बादल गरजने और बिजली गिरने का अलर्ट है। साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं। 21 मार्च को भी पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।
यूपी में 22 मार्च को पश्चिमी हिस्से में मौसम साफ रहेगा। हालांकि पूर्वी यूपी में बारिश होने की संभावना है। साथ ही तेज झोंकेदार हवाओं के साथ ही बादल गरजने और बिजली चमकने का भी अलर्ट है। जिसके बाद 23 और 24 मार्च को यूपी में मौसम साफ रहने के आसार हैं। इस दौरान बारिश या तेज हवाओं के चलने का कोई भी अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
तापमान में होगा उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग के अनुसार यूपी में अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की क्रमिक गिरावट आ सकती है। जिसके बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान में अगले 24 घंटों में कोई खास बदलाव होने के आसार नहीं हैं। जिसके बाद 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोत्तरी हो सकती है।
