Ram Mandir Security: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अयोध्य स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की सुरक्षा को और चाक-चौबंद करने की योजना तैयार की जा रही है।
स्नाइपर राइफल की खरीद को मंजूरी (प्रतीकात्मक तस्वीर)
सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के मकसद से संवेदनशील जगहों पर स्नाइपरों की तैनाती की जाएगी। ऐसे में प्रशासन ने नए सुरक्षा प्लान के तहत तीन स्नाइपर राइफलों की खरीद को मंजूरी दी है। बताया जा रहा है कि एक स्नाइपर राइफल की कीमत लगभग 10.76 लाख रुपये है। स्नाइपर राइफल एक विशेष रूप से निर्मित लंबी दूरी का हथियार है, जिसे अत्यधिक सटीकता के साथ दूर स्थित लक्ष्य को मार गिराने के लिए डिजाइन किया गया है। यह एक 'विध्वंसक' हथियार है।
कहां-कहां स्नाइपरों की होगी तैनाती
अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, हाई कोर्ट, लोकभवन, रीजनल रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम एवं मेट्रो स्टेशनों जैसी संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा को और अधिक पुख्ता करने का निर्णय लिया। उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल और प्रशिक्षित स्नाइपर्स को राम मंदिर परिसर में तैनात किया जाएगा। साथ ही निगरानी के लिए 14 टेलीस्कोपिक सर्च मिरर भी खरीदे जाएंगे।
हाई टेक हथियारों से लैस होंगे सुरक्षाकर्मी
इसके साथ ही राज्य सरकार ने जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों को दिए गए पुराने हथियारों को बदलने का भी फैसला किया है। सांसदों व विधायकों की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों को नए असलहे और पीएसी की नवगठित महिला वाहिनियों को स्वचलित असलहे देने का निर्णय लिया गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: तीन साल बाद भी पाकिस्तान को ब्रिक्स की सदस्यता का इंतजार, कहां फंसा पेंच?
किन हथियारों की होगी खरीद
शासन द्वारा जारी किए गए आदेश के मुताबिक, जनप्रतिनिधियों के सुरक्षाकर्मियों के लिए सरकार 9 एमएम की 800 सब मशीनगन और 2.56 लाख कारतूस खरीदने जा रही है। असलहों व कारतूसों की खरीद के लिए शासन ने 5.59 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है।
