Firozabad Accident: फिरोजाबाद एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से दिल्ली जा रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। इस हादसे में बस में सवार करीब 18 यात्री घायल हो गए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय के संज्ञान लेने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं।
घायलों का इलाज जारी
तड़के 2:30 बजे हुआ हादसा
हादसा फिरोजाबाद एक्सप्रेसवे पर शिकोहाबाद के पास हुआ। बस में सवार यात्री सुधीर ने बताया कि बस लखनऊ से दिल्ली की ओर जा रही थी। रात करीब 2:30 बजे जब सभी यात्री गहरी नींद में थे, तभी अचानक एक जोरदार टक्कर हुई और बस पलट गई। पलक झपकते ही बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को शिकोहाबाद अस्पताल ले जाया गया।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने लिया संज्ञान
हादसे की खबर मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। शिकोहाबाद के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. आर.सी. केशव ने बताया, "मुझे रात करीब 2:45 बजे फोन आया, जिसके तुरंत बाद मरीज अस्पताल पहुंचने लगे। कुल 18 मरीजों को भर्ती किया गया है। मैंने खुद इमरजेंसी वार्ड में जाकर मरीजों की जांच की। हमारी डॉक्टरों की टीम पूरी मुस्तैदी से घायलों के इलाज में जुटी है।"
घायलों की स्थिति और उपचार
डॉक्टरों के मुताबिक, अधिकांश यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। 18 घायलों में से एक यात्री की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पहले उसे प्रयागराज रेफर करने की चर्चा थी, लेकिन बाद में गंभीर स्थिति को देखते हुए फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। बाकी यात्रियों का इलाज शिकोहाबाद अस्पताल में ही चल रहा है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
