शहर

दिल्ली में सनकी पति ने की बीवी और तीन मासूमों की गला रेतकर हत्या; आरोपी फरार

दिल्ली के समयपुर बादली के चंदन पार्क इलाके में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। एक घर के भीतर महिला और उसकी तीन नाबालिग बेटियों के शव मिले, जिनकी हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की गई थी। पुलिस को शक है कि महिला के पति ने ही इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया।

Image

फरार आरोपी की फाइल तस्वीर (बाएं) और घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मी

Photo : Times Now Digital

Samaypur Badli Mass Murder: दिल्ली के समयपुर बादली इलाके से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां बुधवार को एक घर के भीतर महिला और उसके तीन मासूम बच्चियों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। चारों की हत्या किसी धारदार हथियार से गला रेतकर की गई है। पुलिस को शक है कि इस जघन्य हत्याकांड को महिला के पति ने ही अंजाम दिया है, जो फिलहाल फरार है।

इलाके में पसरा मातम

पुलिस के मुताबिक बुधवार की सुबह थाना समयपुर बादली को सूचना मिली कि एक घर में चार लोगों की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घर के ग्राउंड फ्लोर के एक कमरे में महिला और तीन छोटी बच्चियां मृत हालत में पड़ी थीं और चारों तरफ खून फैला हुआ था। चारों का गला किसी तेजधार हथियार से काटा गया था। मृत महिला की पहचान अनीता के रूप में हुई है। वह अपने पति मुंचुन केवट और तीन बेटियों के साथ किराए के मकान में रहती थी। बच्चियों की उम्र करीब 5 साल, 4 साल और 3 साल बताई जा रही है। परिवार मूल रूप से बिहार के पटना जिले का रहने वाला था। मुंचुन केवट आजादपुर मंडी में सब्जी बेचने का काम करता था। पड़ोसियों के अनुसार सुबह घर का दरवाजा खुला देखा गया। शक होने पर जब अंदर जाकर देखा तो चारों के शव पड़े थे। यह दर्दनाक घटना समयपुर बादली के चंदन पार्क इलाके की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला के पति ने ही कथित तौर पर अपनी पत्नी और बच्चों की बेरहमी से हत्या की और मौके से भाग निकला।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

वारदात की गंभीरता को देखते हुए जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को तुरंत मौके पर बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने घर के अंदर से उंगलियों के निशान और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के सटीक समय और तरीके का पता लगाया जा सके।

आरोपी की तलाश में जुटी कई टीमें

महिला का पति मुंचुन केवट सुबह से लापता है और उसे इस मामले में मुख्य संदिग्ध माना जा रहा है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें बनाई गई हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फरार आरोपी पति को पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। पड़ोसियों और रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या की असली वजह का पता चल सके और फरार आरोपी के संभावित छिपने के ठिकानों का पता चल सके।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!