शहर

झारखंड का मौसम (25 Feb 2026) Jharkhand Weather Today: झारखंड में फिर लौटी कनकनी, आज 20 जिलों में बारिश-बिजली गिरने का अलर्ट; IMD का अलर्ट

झारखंड का मौसम (झारखंड में आज का मौसम कैसा रहेगा) 25 Feb 2026: झारखंड के 20 जिलों में आज भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। चक्रवाती सिस्टम के कारण रांची समेत कई जिलों में ठंड बढ़ गई है। जानते हैं कैसा रहने वाला है झारखंड का मौसम।

Image

झारखंड में बारिश का दौर

Photo : Times Now Digital

झारखंड में आज का मौसम (25 Feb 2026): झारखंड में मौसम के बदलते मिजाज ने एक बार फिर लोगों को परेशानी में डाल रहा है। बढ़ती गर्मी में रखे जा चुके ऊनी कपड़े फिर निकल गए हैं। पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हुई बारिश और ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहाना तो बनाया ही है, साथ ही बिजली गिरने का खतरा भी बढ़ा दिया है।

20 जिलों में बारिश का अलर्ट, संभल कर रहें

मौसम विभाग (IMD) ने आज झारखंड के 24 में से 20 जिलों में बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर राज्य के लगभग सभी हिस्सों में काले बादलों का डेरा रहेगा। विभाग ने खास तौर पर पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान वे पेड़ों के नीचे शरण न लें और बिजली के खंभों से दूर रहें।

रांची में भी आएगी बारिश?

राजधानी रांची में कल बारिश की संभावना तो जताई गई थी, लेकिन बादल बिना बरसे ही निकल गए। हालांकि, ठंडी हवाओं ने तापमान में गिरावट ला दी है, जिससे शहर का माहौल काफी खुशनुमा हो गया है। रांची का अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री और न्यूनतम 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में यहां पारा 28 से 31 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।

क्यों बदल रहा है मौसम का मिजाज?

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस अचानक आए बदलाव की मुख्य वजह साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र) है। यह सिस्टम वर्तमान में समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर ऊपर सक्रिय है। इसके साथ ही गंगीय पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर भी झारखंड पर पड़ रहा है। यही कारण है कि दिन में तेज धूप के बीच अचानक काले बादल छा रहे हैं और बारिश हो रही है।

कहां कितनी गर्मी?

पिछले 24 घंटों में पूर्वी सिंहभूम का घाटशिला 28.2 मिमी बारिश के साथ सबसे भीगा इलाका रहा। वहीं, चाईबासा में पारा 34.4 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे यह राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। लोहरदगा में न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम था। आने वाले एक-दो दिनों में बोकारो का तापमान 34 डिग्री तक जा सकता है, जबकि उत्तर-पूर्वी जिलों (देवघर, दुमका, धनबाद) में पारा 31-32 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article