UP Election 2027: संविधान दिवस के मौके पर लखनऊ के अलग-अलग इलाकों में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के विरोध में होर्डिंग लगाए जाने से राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है। इन होर्डिंग के माध्यम से ओवैसी को हैदराबाद लौटने, दूसरे राज्यों में चुनाव नहीं लड़ने और मुसलमानों को उनके हाल पर छोड़ने की नसीहत दी गई है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' की संयुक्त रैली आयोजित हो रही है, जिसमें दोनों नेता एक साथ मंच साझा करने वाले हैं।
शहर में लगे पोस्टर
होर्डिंग में लिखे संदेशों पर बहस
शहर में लगी होर्डिंग में अलग-अलग अपील और संदेश दर्ज किए गए हैं। एक होर्डिंग में लिखा गया है कि यदि ओवैसी वाकई चाहते हैं कि लोग खुश रहें और तरक्की करें, तो उन्हें यहां किसी भी राज्य में चुनाव नहीं लड़ना चाहिए और अब बस कर देना चाहिए। दूसरी होर्डिंग में अपील की गई है कि जब तक वे हैदराबाद में थे तब तक लोग खुश थे और धार्मिक स्थल महफूज थे, इसलिए उन्हें अपने हाल पर छोड़ दिया जाए। तीसरी होर्डिंग में ओवैसी से खामोश हो जाने और हैदराबाद में अपनी सरकार बनाने की कोशिश करने की बात कही गई है।
किसी व्यक्ति या दल का नाम नहीं
इन होर्डिंग को किस व्यक्ति, समूह या राजनीतिक संगठन ने लगवाया है, इसका स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है। होर्डिंग के सबसे नीचे केवल 'उम्मत-ए-मुस्लिमा (समस्त मुस्लिम कौम)' लिखा हुआ है। ऐसे में इनके पीछे किसका हाथ है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन संयुक्त रैली से ठीक पहले लगे इन होर्डिंग ने लखनऊ की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।
